तीन दिन की ठंडक के बाद धूप ने फिर बढ़ाई गर्मी

दुर्ग। तीन दिन की ठंडक के बाद धूप ने फिर गर्मी बढ़ा दी है। सोमवार को दिनभर धूप तेज रही और दुर्ग का अधिकतम तापमान एक बार फिर 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।

जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम बदला रहा। आसमान पर बादल छाने के साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदा-बांदी हुई थी। बादल व बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन रविवार को मौसम खुलने के साथ ही गर्मी ने एक बार फिर तेवर दिखाना शुरू कर दिया। सोमवार को सुबह से ही धूप तेज रही। दोपहर में गर्म हवाएं भी चल रही थी।

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य तापमान से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आगे भी आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा। इस कारण अधिकतम तापमान में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *