मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच फिल्म का नया गाना ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ रिलीज कर दिया गया है। खास बात यह है कि इस गाने में सलमान खान ने खुद अपनी आवाज दी है। गाने में उनके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आ रही हैं। दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री और मस्तीभरा अंदाज गाने का मुख्य आकर्षण है।
बुधवार सुबह रिलीज हुए इस गाने में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह का अलग अंदाज देखने को मिल रहा है। वीडियो में चित्रांगदा लाल साड़ी में ग्लैमरस अंदाज में नजर आती हैं, जबकि सलमान अपने खास स्टाइल में डांस करते दिखाई देते हैं। गाने में दोनों की जोड़ी पहली बार एक साथ पर्दे पर नजर आ रही है।
11 साल बाद फिर गायक बने सलमान खान
सलमान खान ने लंबे समय बाद किसी फिल्मी गाने के लिए अपनी आवाज दी है। इससे पहले वह ‘किक’ के ‘हैंगओवर’ और ‘हीरो’ के ‘मैं हूं हीरो तेरा’ जैसे गानों में अपनी आवाज दे चुके हैं। ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ के साथ उन्होंने करीब 11 साल बाद प्लेबैक सिंगिंग में वापसी की है।
इस गाने में सलमान के साथ गायिका मुस्कान ने भी आवाज दी है। वहीं साजिद खान ने इसके बोल लिखे हैं और संगीत तैयार किया है। गाने की कोरियोग्राफी सीजर गोंसाल्विस ने की है।
सुबह 5 बजे सलमान ने किया गाना रिलीज
सलमान खान ने सोशल मीडिया पर गाने की जानकारी देते हुए अपने खास अंदाज में लिखा, “Departure time 5:12 am… Flight on time, 2 pegs down taking off with my sexy beauty… pata nahi kahaan mai land karoon.”
उनके इस पोस्ट के बाद प्रशंसकों के बीच गाने को लेकर उत्सुकता बढ़ गई। गाने के वीडियो में सलमान रिकॉर्डिंग स्टूडियो में भी नजर आते हैं, जहां वह अपने अंदाज में गाना गाते दिखाई देते हैं।
‘मातृभूमि’ में सेना के अधिकारी की भूमिका में दिखेंगे सलमान
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में सलमान खान मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम किरदार निभा रही हैं। फिल्म का निर्माण सलमा खान ने किया है।
यह फिल्म वर्ष 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में सलमान खान सेना के अधिकारी कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि चित्रांगदा सिंह उनकी पत्नी के किरदार में हैं।
फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया।
फिल्म की रिलीज डेट का अभी इंतजार
फिल्म को पहले अप्रैल 2026 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई। फिलहाल निर्माताओं ने नई रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ के रिलीज होने के बाद सलमान खान के प्रशंसकों को अब फिल्म के सिनेमाघरों में आने का इंतजार है।