सोमालिया में अफ्रीकी संघ के शांति सैनिकों ने सेना को सौंपे पांच सैन्य अड्डे

मोगादिशु  । सोमालिया में सुरक्षा व्यवस्था को स्थानीय सेना के हवाले करने की प्रक्रिया के तहत अफ्रीकी संघ समर्थन एवं स्थिरीकरण मिशन (AUSSOM) के शांति सैनिकों ने पांच अग्रिम सैन्य अड्डे सोमाली राष्ट्रीय सशस्त्र बलों को सौंप दिए हैं। यह हस्तांतरण रविवार देर रात बरावे उपक्षेत्र में किया गया।

अफ्रीकी संघ समर्थन एवं स्थिरीकरण मिशन (ऑसम) ने इस घटनाक्रम को सोमालिया में सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय सुरक्षा बलों को सौंपने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

मिशन के अनुसार, सोमाली सेना को सौंपे गए पांच सैन्य अड्डों में बरावे एम्ब्रेसो, बरावे नोल, किसमायो रोड, सीपोर्ट और रनवे शामिल हैं। ये सभी सैन्य अड्डे पूरी तरह संचालन की स्थिति में हैं और सुरक्षा गतिविधियों के लिए तैयार हैं।

इस हस्तांतरण के साथ सोमाली राष्ट्रीय सशस्त्र बलों की स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी और बढ़ेगी। अफ्रीकी संघ का यह मिशन लंबे समय से सोमालिया में सुरक्षा एवं स्थिरता स्थापित करने के प्रयासों में सहयोग कर रहा है।

मिशन के क्षेत्रीय कमांडरों ने सोमाली सशस्त्र बलों के साथ पिछले वर्षों में किए गए सहयोग और समन्वय को भी रेखांकित किया। इस प्रक्रिया का उद्देश्य सोमालिया की राष्ट्रीय सुरक्षा क्षमता को मजबूत करना और धीरे-धीरे सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय बलों को सौंपना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *