महासमुंद । अर्नब चक्रवात की आशंका को देखते हुए महासमुंद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 से 29 अक्टूबर तक संभावित चक्रवाती प्रभाव को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने सभी विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संभावित आपदा के दौरान जनहानि और पशुहानि को रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
कलेक्टर श्री लंगेह ने आज समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग अपने संसाधनों और कर्मचारियों को तैयार रखें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को रैपिड रिस्पांस टीम गठित कर तैयार रखने, पुलिस विभाग को सतर्क रहने तथा विद्युत विभाग को संभावित बिजली व्यवधानों से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों को जरूरत के अनुसार तैनात रखने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
24 घंटे चालू रहेगा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम
संभावित चक्रवात के दौरान आपात सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और राहत कार्यों के समन्वय के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
आपातकालीन संपर्क नंबर: 07723-223305
आम नागरिक किसी भी आपात स्थिति में इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। कलेक्टर ने सभी तहसीलों में भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
गांवों और शहरों में मुनादी कराने के निर्देश
कलेक्टर ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नागरिकों तक समय पर आवश्यक जानकारी पहुंचाने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक संसाधनों, कर्मचारियों और राहत एवं बचाव दलों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर की अपील—सतर्क रहें, सुरक्षा को दें प्राथमिकता
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से आगामी तीन दिनों तक विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को गंभीरता से लें।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित कंट्रोल रूम को सूचना दें। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संभावित चक्रवात के दौरान जनहानि और पशुहानि रोकने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।