अभिनेत्री अंकिता लोखंडे बिलासपुर की बनेंगी बहू

बिलासपुर। टीवी सीरियल पवित्र रिश्ता से लाइम लाइट में आई और बागी 3 व मणिकर्णिका जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी अभिनेत्री अंकिता लोखंडे बिलासपुर की बहू बनने जा रही हैं। उनका विवाह शहर के कारोबारी विक्की जैन के साथ मंगलवार को होगा। विक्की के पिता विनोद जैन शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान त्रिवेणी डेंटल कालेज के संचालक हैं।
विक्की का बिलासपुर के साथ मुंबई में भी कारोबार है। लिहाजा उनका दोनों जगहों पर आना-जाना लगा रहता है। साथ ही दोनों ही जगहों पर उनका घर है। विक्की की प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा भी शहर में रहकर पूरी हुई है।
उनके पारिवारिक मित्रों ने बताया कि शादी समारोह मुंबई के होटल हयात में होगा। इसमें शिरकत करने के लिए शहर से बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए हैं। इसमें विक्की के रिश्तेदारों के साथ ही उनके जान-पहचान वाले और अन्य गणमान्य शामिल हैं।
इससे पहले रविवार को मेहंदी सेरेमनी और सगाई की रस्म पूरी की गई थी। वहीं सोमवार को हल्दी की रस्म निभाई गई। अब मंगलवार को अंकिता और विक्की विवाह के बंधन में बंधेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी भी अतिथियों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वहां विवाह की सभी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

शहर से कई और लोग अतिथि के रूप में यहां पहुंचने वाले हैं। विक्की को लेकर उन्होंने बताया कि वे बिलासपुर में कारोबारी परिवार से जुड़े हैं। पिता जहां त्रिवेणी डेंटल कालेज का संचालन करने के साथ ही कई अन्य कारोबार में संलग्न हैं तो उनके चाचा लख्मीचंद इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी के संचालक हैं।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *