दिल्ली | दिल्ली के हौज खास इलाके में एसी ब्लास्ट से लगी आग में देश के पहले प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के चेयरमैन और पूर्व IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार का निधन हो गया। हादसा बुधवार देर रात हुआ, जब उनके घर में AC की इनडोर यूनिट में धमाके के बाद आग लग गई। धुएं से दम घुटने के कारण उनकी हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान दिल्ली AIIMS में उन्होंने दम तोड़ दिया। वह 80 वर्ष के थे।
पुलिस और फायर ब्रिगेड के अनुसार, रात करीब 11:18 बजे हौज खास थाने में PCR कॉल के जरिए आग लगने की सूचना मिली। घटना हौज खास स्थित मकान नंबर R-15 की है। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि आग ग्राउंड फ्लोर के घरेलू सामान और पहली मंजिल की लकड़ी की खिड़कियों तक फैल चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हादसे के दौरान घर में घना धुआं भर गया था, जिससे धनेंद्र कुमार और उनके बेटे की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को तुरंत AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान धनेंद्र कुमार की मौत हो गई। उनके बेटे का इलाज जारी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में आग लगने की वजह AC की इनडोर यूनिट में ब्लास्ट बताई जा रही है। क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और बिजली संबंधी तकनीकी जांच जारी है।
कौन थे धनेंद्र कुमार
Competition Commission of India के पहले चेयरमैन रहे धनेंद्र कुमार का जन्म 1946 में हुआ था। वह 1968 बैच के IAS अधिकारी थे और उन्होंने अपने लंबे प्रशासनिक करियर में केंद्र और हरियाणा सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
उन्होंने रक्षा मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय में सचिव के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा वह हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भी रहे। हरियाणा में इंडस्ट्रियल पार्क्स के विकास में योगदान के लिए उन्हें नेशनल सिटिजन्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
नवंबर 2005 से जनवरी 2009 तक उन्होंने World Bank में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका और भूटान के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में भी कार्य किया। फरवरी 2009 में उन्हें CCI का पहला चेयरमैन नियुक्त किया गया था।