AC-गीजर हादसों से बचा सकता है 700 रुपये का PRCD डिवाइस, जानें कैसे करता है काम

नई दिल्ली। गर्मियों में एयर-कंडीशनर और सर्दियों में गीजर के इस्तेमाल के दौरान बिजली से जुड़े हादसों की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। हाल ही में हौज खास इलाके में AC ब्लास्ट से आग लगने और एक रिटायर्ड IAS अधिकारी की मौत के बाद इलेक्ट्रिकल सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। ऐसे में विशेषज्ञ एक छोटे लेकिन प्रभावी डिवाइस PRCD (Portable Residual Current Device) एडाप्टर को सुरक्षा की अतिरिक्त परत के तौर पर उपयोग करने की सलाह दे रहे हैं।

क्या है PRCD एडाप्टर?

PRCD एडाप्टर एक सुरक्षा उपकरण है, जिसे AC, गीजर और फ्रिज जैसे हाई-पावर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ जोड़ा जाता है। यह डिवाइस बिजली की सप्लाई में किसी भी तरह के करंट लीकेज या असामान्य उतार-चढ़ाव को तुरंत पहचान लेता है और सप्लाई को काट देता है।

कैसे करता है काम?

यह डिवाइस सामान्य स्थिति में बिना बाधा के बिजली सप्लाई को पास होने देता है, लेकिन जैसे ही करंट में 30 मिलीएम्पियर से अधिक का अंतर या लीकेज पाया जाता है, यह मिलीसेकंड में बिजली सप्लाई बंद कर देता है। इससे इलेक्ट्रिक शॉक, शॉर्ट सर्किट और संभावित आग लगने के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

डिवाइस में रीसेट बटन भी दिया होता है, जिसे दबाकर सप्लाई को दोबारा शुरू किया जा सकता है।

MCB से कितना अलग है?

विशेषज्ञों के अनुसार, घरों में लगा MCB पूरे घर की बिजली को नियंत्रित करता है और उसका रिएक्शन समय अपेक्षाकृत अधिक होता है। जबकि PRCD केवल उस उपकरण के स्तर पर काम करता है जिससे वह जुड़ा होता है, इसलिए यह अधिक संवेदनशील और तेज माना जाता है।

कितनी कीमत और कहां मिलता है?

PRCD एडाप्टर की कीमत लगभग 700 से 800 रुपये तक बताई जाती है और यह सामान्य इलेक्ट्रिकल दुकानों या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आसानी से उपलब्ध है।

क्यों जरूरी है यह डिवाइस?

बिजली के उतार-चढ़ाव वाले इलाकों में या पुराने वायरिंग वाले घरों में AC, गीजर और बड़े उपकरणों के साथ यह डिवाइस अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान कर सकता है। हालांकि विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि किसी भी इलेक्ट्रिकल डिवाइस पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय नियमित मेंटेनेंस और सही वायरिंग भी जरूरी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *