जशपुरनगर । सर्वाइकल कैंसर से बेटियों की सुरक्षा और HPV टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित ‘मिशन HPV सुरक्षा कवच-जशपुर 2026’ के तहत होटल निर्वाणा, जशपुर में जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों, टीकाकरण की कार्ययोजना और मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी सह जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.के. इन्दवार, सहायक नोडल अधिकारी गोविन्द चौहान, टीकाकरण शाखा प्रभारी मनीषा कुजूर सहित जिले के आठों विकासखंडों के बीएमओ, सेक्टर चिकित्सा अधिकारी एवं पीएसी प्रभारी उपस्थित रहे।
पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत चिन्हांकन करने के निर्देश
बैठक को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्या है। इसकी रोकथाम में HPV टीकाकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले की कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।
इसके लिए पात्र बालिकाओं का चिन्हांकन, घर-घर सर्वेक्षण, विद्यालयवार सूची तैयार करने, अभिभावकों की काउंसलिंग, माइक्रोप्लानिंग और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों की बालिकाओं तक प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण सुविधा पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
वैक्सीन प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी दिया गया प्रशिक्षण
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.के. इन्दवार ने HPV टीकाकरण की प्रक्रिया, वैक्सीन के सुरक्षित प्रबंधन, कोल्ड चेन व्यवस्था, AEFI किट और आपातकालीन प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने टीकाकरण को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को वैज्ञानिक तथ्यों के माध्यम से दूर करने और अभिभावकों को सही जानकारी देने पर जोर दिया।
वहीं जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजीव रंजन मिश्रा ने अभियान के प्रशासनिक प्रबंधन, विभागीय समन्वय और रिपोर्टिंग व्यवस्था की जानकारी दी। सहायक नोडल अधिकारी गोविन्द चौहान ने संशोधित रैपिड एक्शन प्लान के तहत माइक्रोप्लानिंग, घर-घर हेड काउंट सर्वे और फॉलोअप की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की।
इस प्रकार चलेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभियान को विभिन्न चरणों में संचालित किया जाएगा।
- 12 नवंबर: जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक।
- 13-14 नवंबर: ब्लॉक स्तरीय बैठक एवं मितानिनों द्वारा घर-घर हेड काउंट सर्वे।
- 16-18 नवंबर: विद्यालयवार जानकारी संकलन एवं माइक्रोप्लानिंग।
- 20-21 नवंबर: सर्वे सत्यापन एवं अंतिम तैयारी।
- 23-28 नवंबर: प्रथम चरण का HPV टीकाकरण अभियान।
- 30 नवंबर: जिला स्तरीय समीक्षा बैठक।
- 1-4 दिसंबर: द्वितीय चरण के लिए संशोधित माइक्रोप्लान।
- 7-12 दिसंबर: छूटी हुई बालिकाओं का फॉलोअप एवं विशेष टीकाकरण सत्र।
- 14 दिसंबर: द्वितीय चरण की अंतिम समीक्षा।
जनजागरूकता और विभागीय समन्वय पर जोर
बैठक में अभियान की सफलता के लिए जनजागरूकता बढ़ाने, अभिभावकों की शंकाओं का समाधान करने और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि सुनियोजित सर्वेक्षण, प्रभावी मॉनिटरिंग और व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से जिले की प्रत्येक पात्र बालिका तक HPV टीकाकरण की सुविधा पहुंचाई जाए, ताकि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके।