किरंदुल । सेवा संकल्प अभियान के तहत किरंदुल के गजराज कैंप सेक्टर में बुधवार को पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। परियोजना किरंदुल के अंतर्गत पांच आंगनबाड़ी केंद्रों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को संतुलित आहार एवं पोषण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में पोषण थाली प्रदर्शनी, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता और पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध अनाज, दालों और मौसमी सब्जियों से तैयार किए गए पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया। साथ ही महिलाओं को संतुलित भोजन के महत्व और बच्चों के बेहतर पोषण के संबंध में जानकारी दी गई।
स्थानीय खाद्य पदार्थों से पोषण का संदेश
पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि परिवार के दैनिक भोजन में स्थानीय और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल कर बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। पोषण थाली के जरिए भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों के संतुलन पर भी जोर दिया गया।
स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में बच्चों की भागीदारी ने कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया। माताओं को बच्चों के नियमित पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
बड़ी संख्या में माताएं और बच्चे हुए शामिल
कार्यक्रम में किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, कार्यक्रम प्रभारी बबीता गिरी, पार्षद देवकी ठाकुर, यशोदा चुन्नम और एम. सिंधू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर सुपरवाइजर शांति मेडियमी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता देवनाथ, झरना मंडल, सुवर्णा, शहनाज और तुलावती मरकाम तथा सहायिकाएं मंजू बैरागी, रीना पाल और पुष्पांजलि बाघ सहित बड़ी संख्या में माताएं और बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से सुपोषित और सशक्त समाज के निर्माण के लिए पोषण को लेकर सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।