कवर्धा के मेधावी विद्यार्थियों को बड़ी सौगात, विजय शर्मा ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला

रायपुर । कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों के लिए मंगलवार का दिन खास रहा। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 171 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस समारोह में वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी मंच देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि के चेक, प्रतीक चिन्ह और प्रेरक पुस्तकें भेंट की गईं।

171 विद्यार्थियों को मिली प्रोत्साहन राशि

समारोह में कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये और कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने पढ़ाई में विषय को समझने, शिक्षकों की बात ध्यान से सुनने और निरंतर मेहनत करने की सलाह दी।

‘कवर्धा की प्रतिभा एक दिन बनेगी देश का गौरव’

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध है। आज सम्मानित किए जा रहे विद्यार्थी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर भविष्य में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि कवर्धा की यही प्रतिभा आने वाले समय में जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के साथ एक दिन देश का गौरव बनेगी।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में जो करना है, उसे पूरे मन और समर्पण के साथ करने का प्रयास करें। लक्ष्य और जुनून के लिए पूरी ताकत से मेहनत करें और संसाधनों की कमी को सफलता के रास्ते में बाधा न बनने दें।

युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने की अपील

श्री शर्मा ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और क्षमता होती है। इस ऊर्जा का इस्तेमाल समाज और राष्ट्रहित में होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और समाज, परिवार तथा देश के हित में योगदान देने की अपील की।

उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि हर युवा अपनी पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ प्रयास करे।

विद्यार्थियों ने पूछे सवाल, उपमुख्यमंत्री ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उपमुख्यमंत्री से सीधे संवाद किया। कक्षा 12वीं के छात्र राकेश जांगड़े ने परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन को लेकर सवाल किया। जवाब में श्री शर्मा ने कहा कि पढ़ाई के दौरान शिक्षक की बातों पर पूरा ध्यान देना चाहिए। केवल रटने के बजाय विषय को समझना जरूरी है। विषय की समझ मजबूत होने पर किसी भी प्रश्न का उत्तर आत्मविश्वास के साथ दिया जा सकता है।

कक्षा 10वीं की छात्रा मृदुला श्रीवास्तव ने सीमित संसाधनों में विज्ञान की पढ़ाई को लेकर सवाल किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समय और संसाधनों की कमी को सफलता की राह में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करने और कक्षा में पढ़ाए जा रहे विषय पर पूरी एकाग्रता रखने की सलाह दी।

गुरुजनों और शाला प्रबंधन का भी सम्मान

समारोह में विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्कूलों के प्राचार्यों और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों के साथ उनके मार्गदर्शकों के योगदान को भी मंच पर सम्मान मिला।

कार्यक्रम में कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री रामकुमार भट्ट, श्री रामकिंकर वर्मा, श्री निर्मल द्विवेदी, श्री हरीश लुनिया, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, डीएफओ श्री निखिल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, पालक, शिक्षक और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *