चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिल रहा है। अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) को उस समय बड़ा झटका लगा जब पार्टी के चार विधायकों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
सूत्रों के अनुसार, इनमें से तीन विधायक पहले ही तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) में शामिल हो चुके हैं, जबकि एक अन्य विधायक के भी जल्द पार्टी में शामिल होने की संभावना है। इन विधायकों ने अपना इस्तीफा विधानसभा स्पीकर जेसीडी प्रभाकर को सौंपा है।
TVK की सियासी ताकत बढ़ने के संकेत
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटनाक्रम से TVK प्रमुख Joseph Vijay की राजनीतिक स्थिति और मजबूत हो सकती है। माना जा रहा है कि आने वाले उपचुनावों में ये नेता TVK के चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतर सकते हैं।
फिलहाल TVK के पास पहले से ही 107 विधायक बताए जा रहे हैं और नए विधायकों के जुड़ने से पार्टी की स्थिति और मजबूत होने की संभावना है।
AIADMK ने की इस्तीफा रोकने की मांग
इस घटनाक्रम के बाद AIADMK महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर इन इस्तीफों को स्वीकार न करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि इन विधायकों के खिलाफ मामले लंबित हैं, इसलिए कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक कोई निर्णय न लिया जाए।
इस्तीफा देने वाले विधायक
- मरगदम कुमारवेल (मदुरांतगम)
- जयकुमार (पेरुंदुरई)
- सत्यभामा (दारापुरम)
- ई. सुबैया (अंबासमुद्रम)
राजनीतिक समीकरणों में बदलाव
तमिलनाडु में हालिया विधानसभा चुनावों के बाद से ही राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। AIADMK में टूट और TVK की बढ़ती ताकत आने वाले समय में राज्य की राजनीति को और दिलचस्प बना सकती है।