रायपुर । छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की अभिनव पहल को राष्ट्रीय पहचान मिली है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। वहीं मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और पीएम स्वनिधि योजना को जोड़कर शुरू किए गए ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ नवाचार को ‘इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस’ श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
इस पहल के तहत पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाइयां और ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
नई दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान
नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 समारोह में छत्तीसगढ़ को यह सम्मान प्रदान किया गया।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर तथा सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं राज्य नोडल अधिकारी सुनील अग्रहरि ने राज्य की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया।
स्वास्थ्य और ऋण शिविरों को जोड़कर तैयार किया अनूठा मॉडल
राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित ऋण शिविरों में पथ विक्रेताओं की भागीदारी बढ़ाना एक बड़ी चुनौती थी। कई पथ विक्रेता इन शिविरों को केवल आवेदन और दस्तावेजी प्रक्रिया तक सीमित मानते थे।
इस समस्या के समाधान के लिए छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिट को पीएम स्वनिधि के ऋण शिविरों से जोड़ दिया। इसके तहत हेल्थ-कम-लोन कैंप शुरू किए गए।
इन शिविरों में पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को 41 प्रकार की स्वास्थ्य जांच और 170 प्रकार की जेनेरिक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही ऋण आवेदन, सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहायता की गई।
ऋण आवेदनों में करीब तीन गुना वृद्धि
इस नवाचार का सकारात्मक परिणाम सामने आया। पहले जहां एक शिविर में 50 से 60 पथ विक्रेता पहुंचते थे, वहीं मोबाइल मेडिकल यूनिट की सुविधा जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़कर 120 से 150 तक पहुंच गई।
इसी तरह प्रति शिविर ऋण आवेदनों की संख्या 20 से 25 से बढ़कर 60 से 70 तक हो गई। इस प्रकार ऋण आवेदनों में लगभग तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई।
सितंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच 31,056 मोबाइल मेडिकल यूनिट शिविरों के माध्यम से 66,959 पात्र ऋण आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 48,523 आवेदन स्वीकृत किए गए और 46,081 पथ विक्रेताओं को कुल 92 करोड़ 93 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया।
इसमें प्रथम चरण के 32,478, द्वितीय चरण के 9,110 और तृतीय चरण के 4,493 ऋण शामिल हैं।
172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट सक्रिय
मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत प्रदेश के 172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नवंबर 2020 से अक्टूबर 2026 तक इन मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए:
- 2,03,130 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।
- 1.41 करोड़ मरीजों का उपचार किया गया।
- 37.37 लाख लैब टेस्ट किए गए।
- 1.24 करोड़ दवाइयों का वितरण किया गया।
इस योजना को पीएम स्वनिधि से जोड़ने का एक और महत्वपूर्ण परिणाम सामने आया है। महिला पथ विक्रेताओं की भागीदारी 45 प्रतिशत से बढ़कर 68 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
हर परिवार को सालाना 5 से 7 हजार रुपये की बचत
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, लैब टेस्ट और दवाइयों की सुविधा मिलने से प्रत्येक परिवार को अनुमानित 5,000 से 7,000 रुपये तक की वार्षिक बचत हो रही है। इससे परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हो रहा है और वे अपनी अन्य आवश्यकताओं पर भी खर्च कर पा रहे हैं।
जशपुर के पथ विक्रेता संतोष कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब सरकार उनके द्वार तक पहुंचकर दवाइयां और आर्थिक सहायता दोनों उपलब्ध करा रही है।
गंभीर बीमारियों की पहचान पर भी जोर
इस पहल के माध्यम से केवल सामान्य बीमारियों का उपचार ही नहीं किया जा रहा, बल्कि उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी गैर-संचारी बीमारियों की पहचान और नियमित जांच पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
समय पर बीमारी की पहचान होने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम में मदद मिल रही है।
महिला स्वास्थ्य और विशेष क्षेत्रों तक पहुंच रहीं सुविधाएं
महिला स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के 17 नगरीय निकायों में 11 दाई-दीदी क्लीनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं। इनके माध्यम से अब तक 11,170 शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों में 6.87 लाख मरीजों का उपचार, 1.81 लाख लैब टेस्ट और 6.24 लाख दवाइयों का वितरण किया गया है।
इसके अलावा वामपंथी उग्रवाद प्रभावित रहे क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य एवं ऋण शिविरों के आयोजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें सुरक्षित स्थानों का चयन, स्थानीय पुलिस का सहयोग, घर-घर संपर्क और स्थानीय भाषाओं में संवाद शामिल हैं।
पथ विक्रेताओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल
छत्तीसगढ़ का ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ मॉडल स्वास्थ्य सेवाओं, वित्तीय सहायता और सामाजिक सुरक्षा को एक साथ जोड़ने का उदाहरण बनकर उभरा है। राष्ट्रीय पुरस्कार से इस नवाचार को पहचान मिलने के साथ ही राज्य के शहरी विकास और जनकल्याणकारी प्रयासों को भी नई प्रतिष्ठा मिली है।