रायपुर । चिकित्सा शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, रायपुर के ललित कला क्लब ‘कलार्शी’ द्वारा विभिन्न कला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक कौशल और रचनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन किया।
आयोजन के अंतर्गत वॉटरकलर पेंटिंग, कैनवास पेंटिंग, क्विलिंग आर्ट, लिप्पन आर्ट, कैरिकेचर मेकिंग, टी-शर्ट पेंटिंग, मंडला आर्ट, कैलीग्राफी, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और कॉफी पेंटिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अलग-अलग कला माध्यमों के जरिए अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्हें अपनी रुचि और कौशल को निखारने का अवसर मिला।
फाइन आर्ट्स कमेटी के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
कार्यक्रम का मार्गदर्शन फाइन आर्ट्स कमेटी की चेयरपर्सन डॉ. प्रतिभा शर्मा, को-चेयरपर्सन डॉ. वंदना देवांगन तथा कमेटी के सदस्य डॉ. सतीश खलखो, डॉ. आशा गुप्ता, डॉ. स्मिताभ बारीक एवं श्रीमती श्वेता कामिनी ने किया।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडल में डॉ. सुमीत त्रिपाठी (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, फिजियोलॉजी विभाग, पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, रायपुर), डॉ. शमिता चक्रवर्ती एवं श्रीमती इंदु चटर्जी (निदेशक, ISHMA) शामिल रहे।
संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीता नायक, डायरेक्टर डॉ. तेजश नायक एवं डायरेक्टर सीए नितिन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके अलावा अकादमिक डीन डॉ. माणिक चटर्जी, डायरेक्टर डॉ. बीरेंद्र पटेल, चीफ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. के.एस. छाबड़ा एवं डॉ. राम कुमार पातर भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कला के माध्यम से व्यक्तित्व विकास का संदेश
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। साथ ही कला, कल्पनाशीलता, आत्म-अभिव्यक्ति और टीम भावना को प्रोत्साहित किया।
‘कलार्शी’ के इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि चिकित्सा शिक्षा केवल अकादमिक ज्ञान और चिकित्सकीय कौशल तक सीमित नहीं है, बल्कि कला और रचनात्मक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को तनावमुक्त वातावरण देने के साथ उनकी बहुआयामी प्रतिभा को विकसित करने में सहायक हैं।