रायपुर । उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का कल्याण ही विकसित भारत के निर्माण का आधार है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मेहनतकश पथ विक्रेताओं की समस्याओं को समझते हुए पीएम स्वनिधि योजना शुरू की, जिसने छोटे कारोबारियों को साहूकारों पर निर्भरता से मुक्त कर बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।
श्री साव राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) द्वारा आयोजित स्वनिधि महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पथ विक्रेताओं से सीधे संवाद कर उनके व्यवसाय, परिवार और पीएम स्वनिधि योजना से जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही परिसर में स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल का अवलोकन भी किया।
छोटे कारोबारियों को मिला आत्मनिर्भरता का अवसर
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब कारोबार बंद हो गए थे और लोगों के सामने रोजगार तथा परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया था, तब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जून 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू कर छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल प्रदान किया। इस योजना से पथ विक्रेताओं को अपना व्यवसाय दोबारा शुरू करने और आगे बढ़ाने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि रेहड़ी, ठेले और सड़क किनारे दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले लोग शहरों की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी मेहनत से न केवल उनके परिवारों का जीवन चलता है, बल्कि आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी होती हैं। इसलिए किसी भी पथ विक्रेता को अपने काम को छोटा नहीं समझना चाहिए।
श्री साव ने लाभार्थियों से अपने कारोबार का निरंतर विस्तार करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक हितग्राही का लक्ष्य योजना के तीसरे चरण तक पहुंचकर 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त करना होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले स्वनिधि महोत्सव तक अधिक से अधिक पथ विक्रेता तीसरे चरण का ऋण प्राप्त कर यूपीआई क्रेडिट कार्ड की सुविधा से भी जुड़ेंगे।
छत्तीसगढ़ में 1.23 लाख से अधिक पथ विक्रेता लाभान्वित
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में एक लाख 23 हजार से अधिक पथ विक्रेता पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने नगरीय निकायों और बैंकों से संवेदनशीलता के साथ अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं तक योजना का लाभ पहुंचाने तथा उन्हें वित्तीय एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने बताया कि निगम ने वर्ष 2030 तक 53 हजार स्ट्रीट वेंडर्स को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अब तक शहर के 33 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को इसका लाभ मिल चुका है। उन्होंने महिला उद्यमियों से भी योजना का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट बैंकों और नगरीय निकायों का सम्मान
सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत जरूरतमंद पथ विक्रेताओं को बिना गारंटर के ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण की किस्त चुकाने वाले हितग्राहियों को सात प्रतिशत ब्याज अनुदान भी मिलता है। उन्होंने इस योजना को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
महोत्सव में योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों, बैंक शाखाओं और नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया। पथ विक्रेताओं को वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सुविधाओं और डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नुक्कड़ नाटक और फूड स्टॉल के माध्यम से भी योजना की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विधायक श्री मोतीलाल साहू एवं श्री पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति श्री सूर्यकांत राठौर सहित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक श्री नीलेशकुमार क्षीरसागर, सूडा के सीईओ श्री सुमीत अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राही उपस्थित थे।
‘उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम’ थीम पर आयोजित इस स्वनिधि महोत्सव का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।