रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की अहम बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक को राज्य की प्रशासनिक और नीतिगत दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी मानसून सत्र की तैयारियों, खरीफ सीजन के लिए कृषि प्रबंधन, और राज्य की नई ट्रांसफर पॉलिसी जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो रही है।
इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों को भी कैबिनेट के समक्ष रखा गया है, जिन पर मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। कृषि, राजस्व, शिक्षा और प्रशासनिक सुधार से जुड़े कई अहम निर्णय इस बैठक में लिए जा सकते हैं।
सरकारी स्तर पर यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब राज्य में खरीफ सीजन की तैयारियां तेज हैं और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
कैबिनेट बैठक के परिणामों को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी काफी उत्सुकता देखी जा रही है, क्योंकि इससे आने वाले महीनों में राज्य की नीतिगत दिशा तय होने की उम्मीद है।