रायपुर/अंबिकापुर| पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकजुटता, शिक्षा और आपसी सहयोग में होती है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। मंत्री श्री अग्रवाल अंबिकापुर में आयोजित रजवार समाज की बैठक एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, माताओं, बहनों और युवाओं ने मंत्री श्री अग्रवाल का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। समाज के प्रतिनिधियों ने विभिन्न सामाजिक और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए समाज के उत्थान के लिए आवश्यक पहल की अपेक्षा व्यक्त की।
शिक्षा और युवाओं की भागीदारी पर दिया जोर
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को बेहतर दिशा मिल सकती है।
उन्होंने सामाजिक समरसता बनाए रखने, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा शिक्षा के स्तर को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
समाज के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। समाज से जुड़े जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही समावेशी एवं सतत विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने रजवार समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सामाजिक संरचना, सांस्कृतिक विरासत और जनसेवा के क्षेत्र में समाज की भूमिका प्रेरणादायी रही है।
संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
बैठक में समाज के वक्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सहयोग, युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उपस्थित समाजजनों ने मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए समाज के विकास और मार्गदर्शन में निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, संगठन की मजबूती, सामाजिक सद्भाव और विकास के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। समाजजनों ने इस आयोजन को सामाजिक जागरूकता और नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताया।