हरेली पर नवा रायपुर में सजेगी लोक-संस्कृति की महफिल, गृह प्रवेश समारोह में जुटेगा प्रदेश का शीर्ष नेतृत्व

रायपुर । छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति, परंपरा और कृषि जीवन से जुड़े पर्व हरेली के अवसर पर नवा रायपुर में बुधवार, 12 अगस्त को भव्य ‘हरेली अऊ गृह प्रवेश’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व की मौजूदगी रहेगी।

मुख्यमंत्री समेत प्रमुख नेता होंगे शामिल

कार्यक्रम 12 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक नवा रायपुर के सेक्टर-24 स्थित एम-12 आवास परिसर में आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव तथा रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल होंगे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, पारंपरिक लोकाचार और आधुनिकता का संगम देखने को मिलेगा। आयोजन के दौरान प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं और पारंपरिक व्यंजनों से भी अतिथियों एवं आगंतुकों को परिचित कराया जाएगा।

हरेली का कृषि और धार्मिक महत्व

छत्तीसगढ़ में हरेली पर्व का विशेष धार्मिक एवं कृषि महत्व है। इस अवसर पर किसान अपने हल-नागर और कृषि उपकरणों की पूजा करते हैं तथा अच्छी फसल, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।

गृह प्रवेश और हरेली के इस दोहरे शुभ अवसर को लेकर मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने प्रदेशवासियों और शुभचिंतकों को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में ‘नेवता’ दिया है। उन्होंने सभी से इस उत्सव में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े इस उल्लास को साझा करने का आग्रह किया है।

यह आयोजन हरेली पर्व की पारंपरिक भावना के साथ प्रदेश की लोक-संस्कृति और सामाजिक एकजुटता को प्रदर्शित करने का अवसर बनेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *