सलमान खान की फिल्म ‘दबंग’ से बॉलीवुड में अपनी जर्नी की शुरुआत करने वालीं सोनाक्षी सिन्हा अब तक कई अलग-अलग किरदारों में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने रज्जो के सीधे-सादे किरदार से लेकर अकीरा शर्मा तक का धाकड़ किरदार निभाया है।
अब बॉलीवुड की ‘रज्जो’ बिल्कुल नए लुक और नए अंदाज में ओटीटी पर अपना डेब्यू करने की तैयारी कर चुकी हैं। उनकी पहली ओटीटी सीरीज ‘दहाड़’ का पहला लुक सामने आ चुका है, जिसमें वह अपने पहले को-स्टार सलमान खान को अपने दबंगई लुक से कड़ी टक्कर देते हुए नजर आ रही हैं।
सोनाक्षी सिन्हा बनीं दबंग
सोनाक्षी सिन्हा की पहली सीरीज ‘दहाड़’ का पोस्टर अमेजन प्राइम वीडियो ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इस पोस्टर में एक्ट्रेस पुलिस की वर्दी में नजर आ रही हैं। हाथ में घड़ी पहने, आंखों में गुस्सा भरे सोनाक्षी सिन्हा का ये लुक देखते ही बन रहा है।
इस सीरीज में सोनाक्षी सिन्हा महिला पुलिस ऑफिसर का किरदार निभा रही हैं। ‘दहाड़’ में उनके किरदार का नाम अंजलि भाटी है। एक्ट्रेस के फर्स्ट लुक को शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, ‘एक पावरफुल शेरनी ही छुपी हुई सच्चाई को उजागर कर सकती है। नई सीरीज, 12 मई को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो रही है।