यूपी में गरीबों को मिलता रहेगा फ्री राशन, प्रेस वार्ता में सीएम योगी ने किया बड़ा ऐलान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सत्ता पर दोबारा काबिज होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड में आ गए हैं. शपथ ग्रहण के अगले दिन ही यानी आज उन्होंने अपने नए मंत्रिमंडल के साथ पहली बैठक की. इस बैठक में योगी कैबिनेट ने बड़ा फैसला किया है. कोरोना महामारी के संकट काल से शुरू की गई फ्री राशन योजना को तीन माह तक के लिए बढ़ा दिया गया है.

कैबिनेट बैठक के बाद सीएम योगी ने प्रेस वार्ता में इस फैसले का ऐलान किया है. दरअसल, ऐसा पहले से कहा जा रहा था कि पहली कैबिनेट मीटिंग में मुफ्त राशन को 3 महीने तक बढ़ाने का प्रस्ताव आ सकता है. वहीं, कैबिनेट मीटिंग पर उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि योगी 2.0 की आज पहली कैबिनेट मीटिंग है और आज की इस बैठक में संभव है कि कोई महत्वपूर्ण फैसला लिया जाएगा और विभागों के वितरण को लेकर भी इस बैठक में चर्चा हो सकती है.

बता दें कि शुक्रवार को योगी आदित्यनाथ ने इकाना स्टेडियम में दोबारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी. शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी समेत सभी बड़े नेता मौजूद रहे. सीएम और डिप्टी सीएम सहित योगी कैबिनेट में 53 दिग्गज हैं. उत्तर प्रदेश की राजनीति के कई मिथक तोड़ते हुए योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश की कमान संभाल ली है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *