बिलासपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी जारी है। मंगलवार को 45 मरीजों की पहचान की गई है। घटती संख्या राहत दे रही है। अब ग्रामीण क्षेत्र के साथ शहर भी सुरक्षा दायरे में आ रहा है। बीते पांच दिनों से एक भी मौत नहीं है। मंगलवार को शहर में 33 और 12 ग्रामीण क्षेत्र में मिले है। शहर के ज्यादातर क्षेत्र सुरक्षा दायरे में आ गए हैं। हालांकि अभी भी कुछ मोहल्लों में मरीज मिल रहे हैं पर संख्या कम होती जा रही है।
इस कमी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी साफ किया है कि यदि कोरोना महामारी को पूरी तरह से नियंत्रण में लाना है तो हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। खासतौर से ऐसे लोग जिनमें लक्षण नजर आ रहे हैं, वे लापरवाही न बरतें और तत्काल जांच कराएं। जितनी अधिक जांच होगी, उतने जल्दी ही हालात में सुधार आएगा। यह कोरोना नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। स्वास्थ्य विभाग का यह भी कहना है कि वायरस कमजोर हो चुका है। फिर भी कोरोना गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है।