दुर्ग। जिले में कोरोना संक्रमण की दर तेजी से बढ़ने लगी है। रोजाना नए संक्रमित मरीज मिलने की संख्या में वृद्धि हो रही है। मंगलवार को जिले में 90 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण की दर 3.5 फीसद तक पहुंच गई है।
स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करने हिदायत दी जा रही है। वहीं ओमिक्रोन संक्रमण के बढ़ती रफ्तार को देखते हुए कलेक्टर ने दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144(1) एपिडेकिम एक्ट के तहत विभिन्ना आयोजनों पर प्रतिबंध को लेकर भी आदेश जारी किया है।
जिला स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को जिले में 1940 लोगों की कोरोना जांच कराई गई। जिसमें 90 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। दुर्ग जिले में भिलाई कोरोना के नए हाटस्पाट के रूप में चिन्हित हो रहा है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में नए संक्रमित मरीज मिल रहे हैं।
भिलाई क्षेत्र में 45 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं दुर्ग में 16 और रिसाली में 15 नए संक्रमित मरीजों की पहचान की गई है। कोरोना संक्रमण का दायरा रोजाना बढ़ता जा रहा है। जिले के ग्रामीण अंचलों में भी यह तेजी से फैलने लगा है।
धमधा और निकुम में भी कोरोना के नए मरीज मिले हैं। भिलाई-तीन चरौदा में भी नए संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को 90 नए संक्रमित मरीज मिलने के साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण की दर 3.5 फीसद तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना से बचाव के लिए लोगों को मास्क पहनकर घर से बाहर निकलने और भीड़ भरे स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी जा रही है। लोगों से एक दूसरे से शारीरिक दूरी बनाए रखने के नियमों का पालन भी करने कहा जा रहा है।
चार फीसद तक पहुंचा तो स्कूल,कालेज हो सकते हैं बंद
राज्य सरकार ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर अंकुश लगाने जिला प्रशासन को गाइड लाइन जारी करने का निर्देश दिया है। इस कड़ी में मंगलवार को दुर्ग कलेक्टर ने गाइड लाइन भी जारी कर दी है। वहीं सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण की दर चार फीसद तक पहुंचने पर स्कूल व कालेजों को भी बंद रखे जाने का निर्देश दिया गया है।