दुर्ग। पटेल चौक से नेहरूनगर तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके लिए शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने नाली निर्माण के लिए खोदाई की गई।
इस दौरान पानी सप्लाई वाली पाइप लाइन फूट गई। जिसकी वजह से कसारीडीह, केलाबाड़ी क्षेत्र में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। निगम प्रशासन द्वारा फूटी पाइप लाइन की मरम्मत कराई जा रही है।
निगम के जलगृह विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास नाली निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा खोदाई कराई जा रही थी। जेसीबी से खोदाई के कारण पानी सप्लाई वाली 10 इंच की मुख्य पाइप लाइन फूट गई।
इस दौरान निगम ने कसारीडीह और केलाबाड़ी क्षेत्र में पानी की सप्लाई शुरू कर दी थी। लेकिन पाइप लाइन फूटने की वजह से पानी लोक निर्माण विभाग कार्यालय परिसर और सर्वेंट क्वाटर में भर गया। इसकी जानकारी मिलने पर निगम प्रशासन द्वारा तत्काल पानी सप्लाई रोक दी गई।
फूटी पाइपलाइन की मरम्मत के लिए निगम अमला को बुलाया गया। वहीं कसारीडीह और केलाबाड़ी क्षेत्र के कुछ रहवासियों ने घरों में गंदा पानी सप्लाई होने की शिकायत भी निगम प्रशासन से की है।
निगम को नहीं दी सूचना
नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार खोदाई के पूर्व लोक निर्माण विभाग द्वारा नगर निगम को किसी तरह की सूचना नहीं दी गई। जिस क्षेत्र में खुदाई की जा रही है वहां कसारीडीह व केलाबाड़ी क्षेत्र में पानी सप्लाई वाली लाइन होकर गुजरी हुई है।
इसके आसपास मुख्य राइजिंग पाइप भी बिछी हुई है। यदि राइजिंग पाइप फूट जाती तो आसपास का क्षेत्र पानी से लबालब हो जाता।