वाशिंगटन । अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे पलाऊ के ध्वज वाले जहाज ‘पैसिफिक आर्चर’ पर हवाई हमला किया है। अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को किए गए हमले में जहाज की प्रणोदन प्रणाली को निष्क्रिय कर दिया गया।
अमेरिकी सैन्य बयान के अनुसार, पैसिफिक आर्चर ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के बंदरगाह बंदर अब्बास से रवाना होकर अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन करने की कोशिश की थी। इसके बाद अमेरिकी सेना ने जहाज के पिछले हिस्से को निशाना बनाते हुए सटीक हथियारों से हमला किया।
अमेरिकी सेना ने कहा कि हमले के कारण जहाज की प्रणोदन प्रणाली पूरी तरह निष्क्रिय हो गई। हालांकि, जहाज पर सवार नागरिक चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित रहे।
अमेरिकी पक्ष के मुताबिक, यह कार्रवाई ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नाकेबंदी को लागू कराने के उद्देश्य से की गई। इस घटना से क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की आवाजाही को लेकर तनाव बढ़ने की आशंका है।
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में इस क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई का असर अंतरराष्ट्रीय समुद्री परिवहन और तेल आपूर्ति पर भी पड़ सकता है।