गढ़फुलझर बनेगा आस्था, अध्यात्म और सामाजिक समरसता का प्रमुख केंद्र: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि महासमुंद जिले के बसना विकासखंड स्थित गढ़फुलझर को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा यह ऐतिहासिक स्थल छत्तीसगढ़ की अनमोल आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर है। राज्य सरकार इसकी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करते हुए इसे एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री श्री साय गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की तथा श्रद्धापूर्वक शबद कीर्तन का श्रवण किया।

नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण कराने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही गढ़फुलझर की पहचान एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित होगी।

गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा है गढ़फुलझर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन चरण इस धरती पर पड़े थे। लगभग पांच शताब्दी पूर्व उनके आगमन की स्मृतियां आज भी गढ़फुलझर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं।

उन्होंने तत्कालीन राजा भैंना द्वारा पांच एकड़ भूमि दान किए जाने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना क्षेत्र की उदारता, श्रद्धा और सामाजिक सद्भाव की गौरवशाली परंपरा को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित विभिन्न समुदायों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। इसका विकास सभी समाजों की भावनाओं और सहभागिता को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

गुरु नानक देव जी के विचारों में मानव कल्याण का संदेश

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का मार्ग दिखाया। उनका संदेश किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के कल्याण का संदेश है।

उन्होंने कहा कि ‘सरबत दा भला’ की भावना हमें सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने सिख समाज की सेवा भावना और परोपकार की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि गुरुद्वारों में संचालित लंगर सेवा सामाजिक समानता और भाईचारे का उत्कृष्ट उदाहरण है। यहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और आर्थिक स्थिति का कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक ही पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक स्वरूप है।

ऐतिहासिक विरासत को मिलेगी नई पहचान

कार्यक्रम में बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फुलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के यहां आगमन और प्रवास की स्मृतियां इस स्थल को विशेष पहचान प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा की गई घोषणाओं से नानकसागर और गढ़फुलझर के विकास को नई गति मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान प्रदेश के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक होगी।

अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु रहे उपस्थित

इस अवसर पर जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के अनुरूप प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गढ़फुलझर का विकास आने वाली पीढ़ियों के लिए श्रद्धा, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रेरणास्रोत बनेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *