रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन, जनकल्याण और समृद्धि के संकल्प के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। राज्य सरकार बीते तीन वर्षों में किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और जनजातीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय ले चुकी है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हुए प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है।
मुख्यमंत्री श्री साय आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में प्रदेश की विकास यात्रा और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की गारंटियों के क्रियान्वयन, कृषि विकास, महिला सशक्तीकरण, औद्योगिक निवेश, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बस्तर में शांति एवं विकास सहित विभिन्न विषयों पर सरकार की उपलब्धियों और प्राथमिकताओं को साझा किया।
मोदी की गारंटियों को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 में सरकार गठन के साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का निर्णय लिया गया। किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस प्रदान किया गया और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई।
इसी तरह तेंदूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना प्रारंभ की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं के नाम अचल संपत्ति की रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। रेडी-टू-ईट का कार्य पुनः महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपने से उनकी आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर और डायल-112 नेक्स्ट जेन सेवा को मजबूत किया गया है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं।
किसान हितैषी फैसलों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्धि का आधार किसान हैं। राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। इसके साथ ही प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल के बराबर पूरी इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि इन निर्णयों से विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।
औद्योगिक निवेश से छत्तीसगढ़ बन रहा आधुनिक उद्योगों का केंद्र
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब पारंपरिक खनिज आधारित उद्योगों के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और आधुनिक तकनीक आधारित उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें लगभग 50 प्रतिशत निवेश आधुनिक तकनीक और रोजगार आधारित क्षेत्रों से संबंधित हैं।
उन्होंने बताया कि उद्योगों और कारोबार को प्रोत्साहित करने के लिए 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 से निवेशकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
शिक्षा और कौशल विकास से युवाओं के लिए नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप युवाओं को तैयार करने के लिए शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत प्रदेश की 30 आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है। छह शासकीय इंजीनियरिंग एवं पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री एआई मिशन के माध्यम से 14 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 273 करोड़ रुपये की स्वीकृति से 38 नालंदा लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं।
नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है, जहां प्रतिवर्ष चार हजार युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी पाने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी के रूप में भी तैयार करना चाहती है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के तहत पांच हजार स्टार्टअप शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, बस्तर तक पहुंच रही बेहतर चिकित्सा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है।
बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन प्रारंभ हुआ है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
बस्तर में शांति और विकास के साथ लौट रहा विश्वास
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलताएं मिली हैं। बस्तर अब हिंसा और भय के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की नई पहचान की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि बस्तर को देश के अग्रणी जनजातीय संभाग के रूप में विकसित करने के लिए बस्तर रोडमैप 2.0 तैयार किया गया है। सुरक्षा शिविरों को शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरकार का विशेष ध्यान बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और आजीविका के अवसरों के विस्तार पर है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से बंद विद्यालयों को पुनः प्रारंभ किया गया है। अबूझमाड़ के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई हैं।
बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत 6,671 शासकीय विद्यालयों में शौचालय निर्माण की पहल की गई है। सरस्वती साइकिल योजना के माध्यम से 1.62 लाख बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। वहीं दो हजार विद्यालयों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का विस्तार दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर भविष्य बनाने के अवसर प्रदान करेगा।
पर्यटन और जनजातीय संस्कृति से बढ़ेगी प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध जनजातीय संस्कृति प्रदेश की अमूल्य संपदा है। पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने के साथ मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन प्रारंभ किया गया है। छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 के माध्यम से स्थानीय रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
बस्तर पंडुम के माध्यम से जनजातीय लोककला, नृत्य, संगीत, पारंपरिक खान-पान और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच मिला है। अखरा विकास योजना के तहत जनजातीय आस्था स्थलों का विकास किया जा रहा है। नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय की स्थापना भी की गई है।
आधुनिक अधोसंरचना और ऊर्जा क्षेत्र में विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सड़क, रेल, आवास, पेयजल, ऊर्जा और आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 1.38 लाख सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन प्रारंभ किया गया है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलेंगे।
विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का विकास विजन केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने से जुड़ा है। किसानों और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सुशासन, सामाजिक न्याय, आधुनिक तकनीक, नवाचार और जनभागीदारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार का प्रयास है कि विकास की इस यात्रा में कोई भी व्यक्ति, परिवार या क्षेत्र पीछे न छूटे और समृद्धि के नए अवसर प्रदेश के हर गांव और हर घर तक पहुंचें।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक श्री रोहित साहू, आईएनडी-24 के प्रमुख श्री नवीन पुरोहित, स्टेट हेड श्रीमती निधि प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।