नवा रायपुर । एनटीपीसी नवा रायपुर में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन एनटीपीसी पश्चिमी क्षेत्र-II मुख्यालय में किया गया। यहां श्री बिद्या नंद झा, कार्यकारी निदेशक (OS-R&M) और श्री प्रवीण गर्ग, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने क्रमशः हिंदी और अंग्रेजी में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ सामूहिक रूप से प्रस्तावना दोहराई।

इसी क्रम में एनटीपीसी सीबीडी भवन में भी संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां श्रीमती संगीता दाश, महाप्रबंधक (P&S) और श्री पलाथोटी सुब्बाराजू, महाप्रबंधक (USSC-C&M) ने हिंदी और अंग्रेजी में संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। उपस्थित कर्मचारियों ने भी सामूहिक रूप से इसका वाचन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य अधिकारियों ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने, नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने एक विकसित भारत के निर्माण के राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में संविधान के मूल्यों और आदर्शों को मार्गदर्शक बताया। साथ ही सभी से संवैधानिक मूल्यों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
संविधान दिवस के आयोजन के माध्यम से एनटीपीसी नवा रायपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए इसके मूल सिद्धांतों को जीवन और कार्यशैली में अपनाने का संकल्प दोहराया।