श्रीबालाजी कैंसर अस्पताल में पहली बार TBI तकनीक से हुआ ऑलोजेनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चिकित्सा जगत के लिए एक ऐतिहासिक दिन साबित हुआ है। राजधानी रायपुर के मोवा स्थित श्री बालाजी कैंसर अस्पताल में पहली बार टीबीआई (टोटल बॉडी इरेडिएशन) तकनीक से ऑलोजेनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया है। यह छत्तीसगढ़ के किसी भी मेडिकल कॉलेज में हुआ पहला बोन मैरो ट्रांसप्लांट है। श्रीबालाजी समूह के चेयरमैन डॉ देवेंद्र नायक ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि यह ट्रांसप्लांट 5 वर्षीय एक मासूम बच्चे का किया गया, जो वेरी सीवियर अप्लास्टिक एनीमिया (VSAA) जैसी जानलेवा बीमारी से पीड़ित था। इस बीमारी में शरीर में खून बनाने वाली कोशिकाएं बनना लगभग बंद हो जाती हैं, जिससे बच्चे की जान को गंभीर खतरा था।

जानलेवा संक्रमण के बीच हुआ ट्रांसप्लांट

डाक्टरों ने बताया कि ट्रांसप्लांट के समय बच्चे की स्थिति बेहद नाजुक थी। उसे न्यूट्रोपेनिक कोलाइटिस और निमोनिया था। उसका टीएलसी (TLC) मात्र 300 था, जबकि सामान्य स्तर 4000 से 11000 के बीच होता है। इतने गंभीर संक्रमण और कम इम्युनिटी में ट्रांसप्लांट करना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन श्री बालाजी अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने इसे सफलतापूर्वक कर दिखाया|

क्या है TBI तकनीक?

ट्रांसप्लांट से पहले मरीज को टीबीआई तकनीक से पूरे शरीर में नियंत्रित रेडिएशन दिया जाता है। इससे मरीज की रोग प्रतिरोधक क्षमता को दबाया जाता है, ताकि डोनर की स्वस्थ स्टेम सेल्स शरीर में आसानी से स्थापित हो सकें और नई रक्त कोशिकाएं बनाना शुरू कर सकें।

इन तमाम डॉक्टरों के प्रयास से हुआ इलाज संभव

इस सफलता के पीछे श्री बालाजी कैंसर अस्पताल की विशेषज्ञ टीम का हाथ है।
डॉ. अंबर गर्ग (कंसल्टेंट हेमेटोलॉजिस्ट एवं बीएमटी फिजिशियन), डॉ. निकिता पटेल -(पीडियाट्रिशियन) , डॉ. बी. एन. राव -(एचओडी, पीडियाट्रिक्स ),वहीं इस जटिल प्रक्रिया में देश के बड़े संस्थानों से भी मार्गदर्शन लिया गया। आरजीसीआई दिल्ली के डॉ. दिनेश भुरानी, डॉ. रोहन तथा सीएमसी वेल्लोर के डॉ. बीजू जॉर्ज ने विशेष मार्गदर्शन दिया।

डॉ देवेंद्र नायक और नीता नायक ने आर्थिक समस्या को नहीं बनने दिया बाधा

ट्रांसप्लांट के लिए आर्थिक सहयोग भी एक बड़ी बाधा थी, आमतौर पर बड़े शहरों में येसे इलाज के लिए 30 से 35 लाख खर्च अनुमानित होता है ।
लेकिन श्रीबालाजी अस्पताल के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक और एमडी डॉ. नीता नायक ने तत्काल आर्थिक सहयोग प्रदान किया, जिससे बिना किसी देरी के ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू की गई। और अब बच्चा स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गया है। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता छत्तीसगढ़ के मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण है। अब गंभीर रक्त रोगों के लिए मरीजों को दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि उन्हें अपने ही प्रदेश में विश्वस्तरीय इलाज मिलेगा। वही प्रेस कॉन्फ़्रेस के दौरान बच्चे के पिता ने श्रीबालाजी अस्पताल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए डॉक्टरों को धन्यवाद दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *