पाकिस्तान । श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने सिख युवाओं से सिख धर्म की परंपराओं और धार्मिक पहचान को बनाए रखने के लिए केशों की संभाल करने तथा सिखी स्वरूप अपनाए रखने की अपील की है।
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर मंगलवार को पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा जन्मस्थान श्री ननकाना साहिब में आयोजित गुरमत समागम को संबोधित करते हुए जत्थेदार गड़गज्ज ने कहा कि पाकिस्तान में रहने वाले सिखों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी धार्मिक पहचान और परंपराओं को सुरक्षित रखा है।
उन्होंने कहा कि सिख युवाओं को पाकिस्तान के सिख समुदाय से प्रेरणा लेनी चाहिए और अपने केशों की संभाल करते हुए सिखी स्वरूप को कायम रखना चाहिए।
गुरु साहिब की शिक्षाओं पर चलने का आह्वान
गुरमत समागम के दौरान जत्थेदार ने संगत को श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और श्री गुरु ग्रंथ साहिब में निहित आध्यात्मिक संदेशों से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने सिख समुदाय को अपनी धार्मिक विरासत, मर्यादा और परंपराओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा जन्मस्थान श्री ननकाना साहिब में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगत उपस्थित रही। प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों और गुरमत समागम के माध्यम से गुरु साहिब की शिक्षाओं का स्मरण किया गया।