राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में जीपीएम के खिलाड़ियों का जलवा, छह पदक जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव

रायपुर । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में जिले के तीन खिलाड़ियों ने कुल छह पदक अपने नाम किए, जिनमें दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।

12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के पैरा तैराकों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए जीपीएम जिले के रोहित कुमार, जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

रोहित कुमार ने जीते तीन पदक

प्रतियोगिता में रोहित कुमार ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी इस उपलब्धि ने जिले को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

जन्तराम और मोहनी ने भी दिखाया दम

वहीं, जन्तराम पनिका ने शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए। जबकि मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खेल प्रेमियों और पैरा खेलों से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है।

कलेक्टर ने खिलाड़ियों को दी बधाई

राष्ट्रीय स्तर पर छह पदक जीतकर लौटे तीनों खिलाड़ियों ने कलेक्टर विजय दयाराम के. से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर छह पदक जीतना पूरे जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह साबित किया है कि मजबूत संकल्प के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास जारी रखने और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

खिलाड़ियों की सफलता बनी युवाओं के लिए प्रेरणा

जीपीएम जिले के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले इन खिलाड़ियों ने यह संदेश दिया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।

तीनों खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और पैरा खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *