कार्तिक पुन्नी पर नवागांव में सजेगा भव्य मड़ई मेला, बाबा देवता के दर्शन के लिए उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

तिल्दा-नेवरा/सिमगा। कार्तिक पुन्नी के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत नवागांव में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भव्य मड़ई मेले का आयोजन किया जाएगा। आगामी बुधवार, 25 नवंबर को होने वाले इस धार्मिक एवं पारंपरिक आयोजन को लेकर जय बाबा देवता जन सेवा समिति और ग्रामवासियों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। मेले में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है।

बाबा देवता मंदिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

सिमगा नगर से कुछ दूरी पर स्थित ग्राम नवागांव में विराजमान बाबा देवता का मंदिर क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर में बाबा देवता के साथ शनिदेव का मंदिर भी स्थापित है। यहां बाबा देवता की प्रतिमा के साथ उनकी समाधि भी मौजूद है।

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, जो भी भक्त सच्चे मन और पूर्ण श्रद्धा के साथ बाबा देवता का स्मरण कर अपनी पीड़ा और मनोकामनाएं व्यक्त करता है, उस पर बाबा देवता की विशेष कृपा बनी रहती है। इसी अटूट आस्था के चलते प्रतिवर्ष कार्तिक पुन्नी के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता है।

धार्मिक आस्था के साथ दिखेगी ग्रामीण संस्कृति की झलक

कार्तिक पुन्नी पर आयोजित होने वाला मड़ई मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि ग्रामीण संस्कृति, परंपरा और आपसी मेल-मिलाप का भी प्रतीक है। मेले में श्रद्धालुओं को बाबा देवता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना का अवसर मिलेगा। साथ ही ग्रामीण परंपराओं और लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

समिति ने क्षेत्रवासियों से की शामिल होने की अपील

जय बाबा देवता जन सेवा समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से बुधवार, 25 नवंबर को ग्राम नवागांव पहुंचकर भव्य मड़ई मेले में शामिल होने तथा बाबा देवता का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

समिति ने सभी श्रद्धालुओं से उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *