ग्राम बिलाड़ी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गौरा-गौरी पर्व, पारंपरिक शोभायात्रा निकालकर किया विसर्जन

तिल्दा-नेवरा। समीपस्थ ग्राम पंचायत बिलाड़ी में आदिवासी गोंड़ समाज द्वारा देवउठनी एकादशी के अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ गौरा-गौरी पर्व मनाया गया। इस अवसर पर समाज के महिला-पुरुषों ने अपने आराध्य देवी-देवता गौरा-गौरी की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर गांव की सुख-समृद्धि, शांति और परिवारों की खुशहाली की कामना की। पूरे आयोजन में आदिवासी संस्कृति, लोक परंपरा और सामाजिक एकजुटता की अनूठी झलक देखने को मिली।

पर्व की शुरुआत गौरा-गौरी स्थापना से पूर्व रात्रिकालीन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। समाज की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की। इस दौरान गड़वा एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुन पर महिलाओं ने लोक सुआ गीत और गौरा-गौरी विवाह के पारंपरिक गीतों का गायन किया। पूरी रात धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम चलते रहे। इसके पश्चात रात्रि करीब 3 बजे समाज के सदस्यों ने गौरा चौक में विधि-विधान के साथ गौरा-गौरी की प्रतिमाओं की स्थापना की।

अतिथियों का साल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मान

दूसरे दिन शनिवार को समाज की महिलाओं एवं सदस्यों ने गौरा-गौरी की पूजा-अर्चना कर ग्राम और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए मंगल कामना की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति शैल महेन्द्र साहू तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में तिल्दा-नेवरा जनपद सदस्य उत्तरा रामजी एवं ग्राम पंचायत बिलाड़ी की सरपंच दुलौरिन गौर सिंह ध्रुव उपस्थित रहीं।

समाज की महिलाओं ने अतिथियों का साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने मुख्य अतिथि शैल महेन्द्र साहू के समक्ष गांव में रंगमंच निर्माण की मांग रखी, जिस पर उन्होंने सकारात्मक आश्वासन दिया। वहीं जनपद सदस्य उत्तरा रामजी के समक्ष गौरा चौक के पुनर्निर्माण की मांग भी रखी गई।

पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

पूजा-अर्चना के पश्चात गड़वा और पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ गौरा-गौरी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए महामाया मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद शोभायात्रा गांव के गतवा तालाब पहुंची। यहां समाज की महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गौरा-गौरी की प्रतिमाओं का विसर्जन किया।

पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक गीत-संगीत, पूजा-पाठ और सामूहिक सहभागिता ने पर्व को यादगार बना दिया। गौरा-गौरी पर्व के माध्यम से समाज ने अपनी सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों को जीवंत रखने का संदेश दिया।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

कार्यक्रम में बसंत सिंह ठाकुर, अशोक ध्रुव, राम सिंह ध्रुव, गौर सिंह ध्रुव, दिनेश ध्रुव, सदाराम ध्रुव, शिवनारायण ध्रुव, भरत ध्रुव, विजय ध्रुव, विज्जू ध्रुव, किरण ध्रुव, मस्तराम ध्रुव, दिलीप ध्रुव, सुरेश ध्रुव, नितेश ध्रुव, पंचायत सचिव अश्वनी यदु, पंकज यदु, राजू यादव, देवचरण यादव, देवा यदु, महेश साहू, दूजराम यदु, अरनव नेताम, पत्रकार गोवर्धन साहू, रोहित पाल, नारायण वर्मा एवं पत्रकार अजय नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *