तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था के तहत तिल्दा-नेवरा विकासखंड के ग्राम पंचायत भुरसुदा-गुजरा में इस वर्ष पहली बार नवीन सहकारी समिति के माध्यम से धान खरीदी केंद्र की शुरुआत हुई है। सहकारी समिति पंजीयन क्रमांक 1084 भुरसुदा में 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी प्रारंभ होने पर क्षेत्र के किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
लंबे समय से क्षेत्र के किसान स्थानीय स्तर पर धान खरीदी केंद्र शुरू करने की मांग कर रहे थे। अब केंद्र की शुरुआत होने से भुरसुदा, गुजरा, परसदा सहित आसपास के गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ जिला पंचायत सभापति शैल महेन्द्र साहू, सहकारी समिति के प्रथम अध्यक्ष टेकराम यदु एवं समिति प्रबंधक परमेश्वर शर्मा की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर समिति के कर्मचारियों, किसानों एवं ग्रामीणों ने तराजू और इलेक्ट्रॉनिक कांटे की विधिवत पूजा-अर्चना कर खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया।
पहले दिन दो किसानों से खरीदा गया 34.80 क्विंटल धान
नवीन धान खरीदी केंद्र में पहले दिन ग्राम के किसान जितेन्द्र साहू एवं राधेश्याम साहू की उपज खरीदी गई। दोनों किसानों से कुल 34 क्विंटल 80 किलोग्राम धान की खरीदी की गई। इसके साथ ही समिति में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
किसानों को मिलेगी आवागमन और परिवहन की सुविधा
स्थानीय स्तर पर धान खरीदी केंद्र शुरू होने से किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूसरे गांवों के केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे किसानों के समय और परिवहन खर्च की बचत होगी। साथ ही धान बिक्री की प्रक्रिया भी पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगी।
ग्रामीणों ने सहकारी समिति एवं धान खरीदी केंद्र की स्थापना को क्षेत्र के किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए शासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। किसानों ने उम्मीद व्यक्त की कि आगामी खरीदी सत्रों में भी केंद्र में समय पर और सुचारू रूप से धान खरीदी होती रहेगी।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत भुरसुदा की सरपंच सरोज वर्मा, उपसरपंच राजेश नायक, पंचायत सचिव शिव वर्मा, जनपद सदस्य सेवती बैतल साहू, सतीश वर्मा, भाजपा जिला प्रचार-प्रसार मंत्री राजेश ठाकुर, पंच दिलेश्वरी साहू, परमेश्वर साहू, भुनेश्वर बारले, सोहन वर्मा, राकेश नायक, विनोद नायक, अरुण ठाकुर, रूपेश कुमार निर्मलकर, मनोज सिन्हा, कैलाश साहू, पूर्व उपसरपंच अमरनाथ साहू, कोटवार ईश्वर, भुप्रेन्द चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।