रायपुर । देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक कलाओं की भव्य छटा बिखेरने जा रहा है। शुक्रवार, 20 नवंबर को भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। शाम 5 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के लोक कलाकार सात पारंपरिक नृत्य शैलियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे।
समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के मंत्रीगण, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
सात लोकनृत्यों से जीवंत होगी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रदेश के सात पारंपरिक लोकनृत्य होंगे। इनमें गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियां शामिल हैं। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और लोक संगीत के माध्यम से कलाकार छत्तीसगढ़ की ग्रामीण एवं जनजातीय संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत करेंगे।
गौर नृत्य बस्तर की जनजातीय परंपराओं और प्रकृति से जुड़ाव को दर्शाता है, जबकि गौरा-गौरी और भोजली लोक आस्था एवं पारंपरिक उत्सवों के प्रतीक हैं। राउत नाचा यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान, सुआ नृत्य महिलाओं की सामूहिक लोक अभिव्यक्ति और पंथी नृत्य सतनाम पंथ की आध्यात्मिक परंपरा को प्रदर्शित करेगा। वहीं करमा नृत्य जनजातीय जीवन, प्रकृति और सामुदायिक उल्लास का प्रतीक बनेगा।
भारत मंडपम में आकर्षण का केंद्र बना छत्तीसगढ़ का पवेलियन
भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का पवेलियन भी देश-विदेश से पहुंच रहे आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय हुनर और विकास की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
पवेलियन में बस्तर की प्रसिद्ध बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा वस्त्र और वनोपज से तैयार हर्बल उत्पाद विशेष आकर्षण हैं। इसके अलावा कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कृषि एवं वन संपदा को प्रदर्शित किया जा रहा है।
आगंतुकों को चित्रकोट जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता से परिचित कराने के लिए 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी उपलब्ध कराया गया है। वहीं स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के नवाचार प्रदेश में स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं को सामने ला रहे हैं।
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की पहचान को मिलेगी नई पहचान
संस्कृति एवं राजभाषा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित इस समारोह का उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक लोक कलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और देश-विदेश से आने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।
राज्य दिवस का यह आयोजन छत्तीसगढ़ की जनजातीय परंपराओं, लोक कलाओं, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विविधता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर होगा।
कार्यक्रम की जानकारी:
- दिनांक: 20 नवंबर 2026, शुक्रवार
- समय: शाम 5 बजे से
- स्थान: एम्फी थिएटर-01, भारत मंडपम, नई दिल्ली
- मुख्य अतिथि: राज्यपाल रमेन डेका
- अध्यक्षता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- प्रमुख आकर्षण: गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य।