अदाणी पावर के क्षमता विस्तार को जनसुनवाई में मिला समर्थन, 90 प्रतिशत लोगों ने पक्ष में रखी राय

खरोरा-तिल्दा। रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रायखेड़ा स्थित अदाणी पावर लिमिटेड के प्रस्तावित 1600 मेगावाट क्षमता विस्तार को लेकर बुधवार को आयोजित जनसुनवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत लोगों ने संयंत्र के क्षमता विस्तार के पक्ष में समर्थन जताया। ग्रामीणों ने विस्तार से क्षेत्र में विकास, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद व्यक्त की।

ग्राम ताराशिव स्थित शासकीय मैदान में सुबह 11 बजे शुरू हुई जनसुनवाई लगभग ढाई घंटे चली। इसमें रायखेड़ा, गैत्रा और सोनतरा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। जनसुनवाई में पीठासीन अधिकारी के रूप में रायपुर के अतिरिक्त कलेक्टर यूएस बांधे तथा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी पीके रबड़े मौजूद रहे। इसके अलावा तिल्दा एसडीएम मुकेश कोठारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र चतुर्वेदी और तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अदाणी पावर लिमिटेड के पर्यावरण विभाग प्रमुख आरएन शुक्ला ने प्रस्तावित विस्तार परियोजना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास, रोजगार, स्वरोजगार और अन्य सुविधाओं से जुड़े सुझाव रखे। जनसुनवाई में कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन अधिकांश ग्रामीणों ने परियोजना के समर्थन में अपनी राय दी।

ग्राम रायखेड़ा, गैत्रा, चिचोली, ताराशिव और सोनतरा के जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने क्षमता विस्तार का समर्थन किया। वक्ताओं ने कहा कि परियोजना के विस्तार से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

ग्राम रायखेड़ा की पूनम वर्मा और सोनतरा की एकता साहू ने कहा कि संयंत्र आने के बाद गांवों में सड़क, प्रकाश व्यवस्था, शिक्षा और पेयजल जैसी सुविधाओं में सुधार हुआ है। उन्होंने अदाणी फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रस्तावित क्षमता विस्तार का समर्थन किया।

वर्तमान में अदाणी पावर लिमिटेड के रायखेड़ा संयंत्र में सुपर क्रिटिकल तकनीक की 685 मेगावाट क्षमता वाली दो इकाइयां संचालित हैं, जिनकी कुल क्षमता 1370 मेगावाट है। कंपनी के अनुसार, आसपास के 14 से अधिक गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनसे लगभग 25 हजार लोगों को लाभ मिल रहा है।

जनसुनवाई के समापन पर कंपनी के मुख्य व्यवसाय अधिकारी रामायण पेड्डेना ने ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्र के विकास और सामाजिक सरोकारों के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता दोहराई।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *