विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे अहम : राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर । छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। युवाओं की शिक्षा, कौशल, मेहनत, नवाचार और रचनात्मक सोच से ही देश की प्रगति की दिशा तय होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जीवन में जो भी कार्य करें, उसे पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें।

राज्यपाल श्री रमेन डेका आज रायपुर स्थित लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों को संबोधित कर रहे थे। 17 से 23 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के युवा शिविर देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

उन्होंने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। युवाओं को इसके मूल भाव को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

धैर्य, अनुशासन और समय की पाबंदी सफलता की कुंजी

युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए श्री डेका ने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य के साथ धैर्य, दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम जरूरी है। केवल लक्ष्य निर्धारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे प्राप्त करने के लिए अनुशासन और नियमित प्रयास भी आवश्यक हैं।

उन्होंने युवाओं को टालमटोल की आदत से बचने की सलाह देते हुए कहा कि आज का काम कल पर नहीं छोड़ना चाहिए। समय की पाबंदी और जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य ही सफलता की मजबूत नींव तैयार करता है।

गांवों में रोजगार और कृषि उद्यमिता की अपार संभावनाएं

राज्यपाल ने युवाओं को गांवों की ओर रुख करने और ग्रामीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांवों में विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। युवाओं को स्थानीय जरूरतों को समझकर रोजगार के नए अवसर विकसित करने चाहिए।

उन्होंने कृषि को केवल पारंपरिक व्यवसाय तक सीमित न रखते हुए इसे उद्यमिता और स्टार्टअप के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। युवाओं से जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की।

बस्तर में शांति और विकास के सकारात्मक बदलावों का उल्लेख

बस्तर क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सुरक्षा और शांति विकास की पहली शर्त हैं। नक्सलवाद का प्रभाव कम होने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से क्षेत्र में विकास की गतिविधियों को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले संचार सुविधाओं का अभाव था, वहां अब मोबाइल टावर, रेडियो और टेलीविजन की पहुंच बढ़ रही है। बच्चों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति भी सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री डेका ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में ‘मेरा युवा भारत’ के राज्य निदेशक श्री अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, लोक भवन के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

सात दिवसीय यह युवा शिविर विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक संवाद, राष्ट्रीय एकता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *