कानपुर की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों से दहला रूमा औद्योगिक क्षेत्र

कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर में रूमा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में मंगलवार रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि फैक्ट्री में रखे केमिकल के ड्रम एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे। विस्फोटों की आवाज से पूरा औद्योगिक क्षेत्र दहल उठा। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा औद्योगिक क्षेत्र स्थित निकोलस पिगमेंट्स एंड इंकस की केमिकल फैक्ट्री में हुआ। मंगलवार रात करीब नौ बजे फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील रसायनों एवं केमिकल ड्रमों को अपनी चपेट में ले लिया। गर्मी के कारण ड्रमों में लगातार विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। राहत एवं बचाव कार्य के लिए दमकल टीमों को मौके पर भेजा गया। आग की भयावहता को देखते हुए स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए प्रयास किए गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। इससे बड़े जनहानि की आशंका टल गई। हालांकि, आग से फैक्ट्री को हुए नुकसान का आकलन जांच और अग्निशमन अभियान पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की जांच में जुटे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *