गौमाता भारतीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग : राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर । छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग हैं। भारतीय परंपरा में गौवंश का विशेष महत्व रहा है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बीमार, घायल, वृद्ध और बेसहारा गोवंश की देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

राज्यपाल श्री रमेन डेका गोपाष्टमी के अवसर पर विश्वगीता धेनु गोविंद पक्षी सेवा धाम, परसदा, कुम्हारी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने गौधाम में नवनिर्मित पक्षी घर का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव उपस्थित रहे। राज्यपाल ने गौशाला का भ्रमण कर गौमाता को चारा खिलाया और उनकी सेवा की।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को गोपाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप और गौमाता के प्रति हमारी श्रद्धा एवं आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बढ़ते यातायात के कारण गोवंश के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में घायल पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। गौ अस्पताल और रेस्क्यू सेंटर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने पारंपरिक ग्रामीण अर्थव्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले गांवों में गोबर का उपयोग विभिन्न कार्यों में किया जाता था। गोबर और मिट्टी से बने घर पर्यावरण के अनुकूल होते थे। वर्तमान समय में प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली को फिर से अपनाने की आवश्यकता है। गोबर से बायोगैस और जैविक खाद के उत्पादन को प्रोत्साहित कर पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाया जा सकता है।

श्री डेका ने कहा कि गौसेवा और सतत विकास एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। उन्होंने नागरिकों से गौशालाओं में जाकर समय बिताने और गौमाता की सेवा में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों से व्यक्ति में संवेदनशीलता और सेवा भाव विकसित होता है तथा मानसिक शांति भी मिलती है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य जरूर करना चाहिए, जिसमें किसी प्रकार के लेन-देन की भावना न हो और जिससे समाज का कल्याण हो।

कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गोबर से निर्मित जैविक खाद के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता और खेती की गुणवत्ता बढ़ाई जा सकती है। इससे गोवंश का महत्व भी बढ़ेगा और उनके बेहतर संरक्षण एवं देखभाल को प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रेरक वक्ता श्री उज्ज्वल पाटनी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए गौसेवा के प्रति प्रत्येक व्यक्ति से अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

गौधाम के संरक्षक श्री गोपाल प्रसाद सुल्तानिया ने बताया कि सड़कों पर गौमाताओं की दुर्दशा और उनकी उचित देखभाल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस गौधाम की परिकल्पना की गई थी, जिसे अब साकार रूप दिया गया है। प्रमुख ट्रस्टी श्री सुधीर सुल्तानिया ने स्वागत उद्बोधन दिया।

इस अवसर पर विधायक श्री अनुज शर्मा, श्री संपत अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सुल्तानिया परिवार के सदस्य, गौसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *