सुशासन को प्रभावी और पारदर्शी बनाने में तकनीक की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि सुशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। बदलते समय के साथ शासकीय कर्मचारियों का डिजिटल रूप से दक्ष होना आवश्यक है। कंप्यूटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और साइबर सुरक्षा जैसी आधुनिक तकनीकों का बेहतर उपयोग प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सरल बनाने के साथ नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान जिला कार्यालय में शासकीय कर्मचारियों के लिए स्थापित आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बिलासपुर अंचल द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत स्थापित इस केंद्र में कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बना सकता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के बीच शासकीय अभिलेखों और नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी बेहद जरूरी है। यह प्रशिक्षण केंद्र कर्मचारियों के कौशल विकास और जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

एआई और साइबर सुरक्षा का मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण केंद्र में शासकीय कर्मचारियों को कंप्यूटर के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कार्यप्रणाली और कार्यालयीन कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा के तहत फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक की पहचान, सुरक्षित पासवर्ड, डेटा गोपनीयता और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी भी दी जाएगी।

जिला प्रशासन के सहयोग और मार्गदर्शन में संचालित यह केंद्र ई-गवर्नेंस को मजबूत बनाने के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को तकनीकी रूप से सक्षम, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने में सहायक होगा। इससे शासकीय कर्मचारियों की डिजिटल दक्षता बढ़ेगी और नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ अधिक पारदर्शी एवं त्वरित तरीके से मिल सकेगा।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं एसएसपी श्री रजनेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *