वरिष्ठजनों का अनुभव और मार्गदर्शन समाज के लिए अनमोल धरोहर : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

रायपुर । उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनका जीवनभर का अनुभव, मार्गदर्शन, आशीर्वाद और अर्जित ज्ञान परिवार एवं समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में वरिष्ठजनों के अनुभव और संस्कार समाज को मजबूती प्रदान कर सकते हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा आज कबीरधाम जिले के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कॉन्फेडरेशन के सातवें प्रादेशिक सम्मेलन-2026 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कॉन्फेडरेशन की पत्रिका ‘अनुभूति’ का विमोचन भी किया।

वरिष्ठजनों का आशीर्वाद और अनुभव समाज की सबसे बड़ी पूंजी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अनेक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलता है, लेकिन यह आयोजन उनके लिए विशेष है। यहां वे कुछ देने नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों से आशीर्वाद, प्रेरणा और मार्गदर्शन लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के लंबे अनुभव के बाद वरिष्ठजन परिवार और समाज के लिए उस ब्याज के समान हो जाते हैं, जो मूलधन से भी अधिक प्रिय होता है।

उन्होंने बदलते सामाजिक परिवेश पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले लोग एक साथ बैठकर समय बिताते थे और आपसी मेलजोल अधिक रहता था, लेकिन आज मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से सामाजिक संवाद और पारिवारिक मेलजोल कम हुआ है। ऐसे समय में वरिष्ठजनों का अनुभव, संस्कार और जीवन के प्रति दृष्टिकोण नई पीढ़ी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

30 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा सियान सदन

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि कवर्धा के वरिष्ठजनों की प्रेरणा और सुझाव पर शहर में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से सियान सदन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए उसी स्थान का चयन किया गया है, जिसे वरिष्ठ नागरिकों ने स्वयं उपयुक्त बताया था।

उन्होंने कहा कि सियान सदन वरिष्ठजनों के लिए मिलन-जुलने, समय बिताने और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का बेहतर केंद्र बनेगा। यहां वरिष्ठ नागरिक कैरम, शतरंज, अध्ययन सहित अन्य गतिविधियों के माध्यम से अपना समय आनंदपूर्वक बिता सकेंगे।

उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की आवागमन संबंधी सुविधा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में बैटरी चलित छोटे वाहन की व्यवस्था करने की योजना भी साझा की। इसके माध्यम से वरिष्ठजन फोन करके वाहन बुला सकेंगे और अपने घर से सियान सदन तक आने-जाने की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

बचपन की यादें जीवन में देती हैं आत्मिक सुकून

उप मुख्यमंत्री ने परिवार के भावनात्मक रिश्तों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां के लिए बेटा उम्र में कितना भी बड़ा क्यों न हो जाए, वह हमेशा उसका छोटा बच्चा ही रहता है। उन्होंने वरिष्ठजनों से आग्रह किया कि वे अपने बचपन की प्यारी यादों और जीवन के सुखद पलों को हमेशा संजोकर रखें। ऐसी यादें जीवन में प्रसन्नता और आत्मिक सुकून प्रदान करती हैं।

उन्होंने कवर्धा में सातवें प्रादेशिक सम्मेलन के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों को बधाई दी। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को सियान सदन का निर्माण पूरा होने के बाद वहां भी इसी तरह सम्मेलन आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया।

प्रदेशभर से पहुंचे वरिष्ठ नागरिक और गणमान्यजन

सम्मेलन में जिला पंचायत कबीरधाम के अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कॉन्फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश देवरस, प्रांतीय महासचिव श्री धनेश सोलंकी, डॉ. अतुल जैन, श्री शुभंकर विश्वास, श्री लालचंद जैन एवं श्री आदित्य श्रीवास्तव सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठ नागरिक और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

सम्मेलन ने वरिष्ठजनों के सम्मान, सामाजिक सहभागिता और उनके अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *