दंतेवाड़ा। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ जिला दंतेवाड़ा के तत्वावधान में रविवार को बारसूर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सातधार में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में पेंशनर्स साथियों के साथ मातृशक्ति ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने अपने-अपने घरों में तैयार की गई घरेलू मिठाइयां एक-दूसरे को खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। घर की बनी मिठाइयों के आदान-प्रदान ने समारोह में पारिवारिक अपनत्व और आत्मीयता का विशेष रंग भर दिया।
गीत-संगीत और किस्से-कहानियों ने बांधा समां
दीपावली मिलन समारोह में मनोरंजन के लिए कई रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। कुछ पेंशनर्स साथियों ने मधुर गीत प्रस्तुत कर समां बांधा, वहीं अन्य साथियों ने अपने जीवन के रोचक संस्मरण और किस्से-कहानियां साझा कर सभी का मनोरंजन किया। इस दौरान सभी ने बारसूर के सातधार के मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और खुशनुमा पलों को तस्वीरों के माध्यम से यादगार बनाया।
भविष्य में भी मिलन समारोह आयोजित करने का लिया संकल्प
समारोह के समापन पर उपस्थित सदस्यों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से घर की दिनचर्या से बाहर निकलकर साथियों के बीच समय बिताने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अच्छा अवसर मिलता है। सभी ने इस परंपरा को निरंतर जारी रखने की इच्छा जताई।
साथ ही निर्णय लिया गया कि भविष्य में भी प्रत्येक तीज-त्योहार एवं नववर्ष के अवसर पर किसी सुंदर एवं दर्शनीय पर्यटन स्थल पर इसी तरह मिलन समारोह आयोजित किए जाएं, ताकि सभी साथियों को एक-दूसरे के साथ सुखद पल बिताने का अवसर मिलता रहे।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के जिला अध्यक्ष रूप कुमार झाड़ी, कार्यकारी अध्यक्ष राम कुमार महंती, उपकोषाध्यक्ष जी.डी. बैरागी, नेहरू साहू, राजेंद्र यादव एवं स्वप्न कुमार शाहा उपस्थित रहे।
वहीं मातृशक्ति की ओर से श्रीमती जी. रेनू राव, श्रीमती सुलोचना डेनियल, श्रीमती प्रफुल्ल नेताम एवं श्रीमती कुलकर्णी मैडम सहित अन्य सदस्य शामिल हुईं।
समारोह ने पेंशनर्स साथियों के बीच आपसी सद्भाव, पारिवारिक जुड़ाव और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का संदेश दिया।