नयी दिल्ली । राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 में बिहार पवेलियन अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला और विकास की झलक के साथ लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पवेलियन में बिहार संग्रहालय की आकर्षक कलाकृतियों और बज्जिका कला के लाइव प्रदर्शन ने आगंतुकों का विशेष ध्यान खींचा।
रविवार को बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार और बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त श्री मनोज कुमार सिंह ने बिहार पवेलियन का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद दोनों अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और वहां प्रदर्शित स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक कलाकृतियों का अवलोकन किया।
इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों से बातचीत कर उनके उत्पादों, कला एवं कार्यशैली की जानकारी ली। उन्होंने कारीगरों के हुनर और पारंपरिक शिल्प को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना भी की।
बिहार पवेलियन में राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक विकास के साथ प्रस्तुत किया गया है। बिहार संग्रहालय की कलाकृतियां जहां दर्शकों को राज्य के गौरवशाली अतीत से परिचित करा रही हैं, वहीं बज्जिका कला का लाइव प्रदर्शन पारंपरिक लोककला और कलाकारों की रचनात्मक प्रतिभा को करीब से देखने का अवसर प्रदान कर रहा है।
व्यापार मेले में बिहार की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की प्रस्तुति राज्य के कारीगरों एवं उद्यमियों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रही है।