मुंगेली को 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया 77 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की लागत के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक के 24 कार्यों का लोकार्पण तथा 397 करोड़ रुपये से अधिक के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सड़क, सिंचाई और पेयजल सुविधाओं का होगा विस्तार

मुंगेली को 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया 77 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मुंगेली जिले में लगभग 143 करोड़ रुपये की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं अमृत मिशन 2.0 के तहत 203 करोड़ रुपये से अधिक की जल प्रदाय योजना का भी शिलान्यास किया गया। इसके अलावा जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन एवं पंचायत भवन निर्माण, ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क निर्माण एवं मरम्मत की घोषणा की।

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जाएगा। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं। प्रदेश में अब लगभग 3100 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी सत्यापित रकबे के आधार पर नियमानुसार सहायता मिलेगी।

महिलाओं और आम नागरिकों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21,340 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।

इसके साथ ही श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु पोर्टल और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सोलर पैनल लगाने के लिए पात्र उपभोक्ताओं को सब्सिडी दी जा रही है, जिससे बिजली खर्च में राहत और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रदेश के प्रत्येक जिले, गांव और परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

मुंगेली जिले में स्वीकृत विकास कार्यों से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और पेयजल सुविधाओं का विस्तार होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *