पीएम मोदी ने देशवासियों को दी छठ पूजा की शुभकामनाएं, छठी मैया से की सुख-समृद्धि की कामना

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठ पर्व के पारंपरिक रीति-रिवाजों और कठिन धार्मिक नियमों का पालन करने वाले श्रद्धालुओं को नमन करते हुए छठी मैया से सभी के सुख, शांति और समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए छठ पर्व को जन-आस्था और सूर्य उपासना से जुड़ा पवित्र त्योहार बताया। उन्होंने कहा कि यह महापर्व भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है।

उन्होंने छठ व्रत करने वाले सभी श्रद्धालुओं को अपनी शुभकामनाएं दीं और छठी मैया से देशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।

गौरतलब है कि छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। इस दौरान व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना करते हैं। पर्व के प्रमुख अनुष्ठानों में नहाय-खाय, खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देना शामिल है। देश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस पर्व को विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *