बेंगलुरु । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन किया और बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
मेट्रो में सफर कर लिया परियोजना का जायजा
प्रधानमंत्री मोदी ने दोपहर करीब 12:45 बजे तवरेकेरे मेट्रो स्टेशन से पिंक लाइन को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद उन्होंने तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो में सफर भी किया।
करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पिंक लाइन का उद्घाटित एलिवेटेड हिस्सा कलेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक फैला है। लगभग 7.5 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में सात स्टेशन शामिल हैं। इससे बेंगलुरु के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और यात्रियों के आवागमन में सुविधा होगी।
बेंगलुरु से गोवा तक वंदे भारत की नई कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन बेंगलुरु को तटीय कर्नाटक और गोवा से आधुनिक रेल संपर्क प्रदान करेगी।
इसका मार्ग हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुरुडेश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे प्रमुख शहरों एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ते हुए मडगांव तक जाएगा। इससे यात्रियों को तेज और सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ऊर्जा और रेलवे क्षेत्र को भी मिली सौगात
प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
-
कोप्पल-II और गदग-II में लगभग 4,450 करोड़ रुपये की नवीकरणीय ऊर्जा ट्रांसमिशन परियोजना।
-
बीदर में लगभग 1,370 करोड़ रुपये की सौर ऊर्जा ट्रांसमिशन परियोजना।
-
मंगलुरु में 80 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले देश के सबसे बड़े भूमिगत LPG भंडारण केंद्र का लोकार्पण।
-
चार रेलवे स्टेशनों चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रमण्या रोड का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास।
-
बागलकोट-वंडाल के बीच 45 किलोमीटर रेल लाइन दोहरीकरण और सकलेशपुर-सुब्रमण्या रोड घाट रेल खंड का विद्युतीकरण।
इसके अलावा बेंगलुरु में गेल के कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की आधारशिला भी रखी गई। यह संयंत्र प्रतिदिन करीब 300 टन नगर निगम के ठोस कचरे का प्रसंस्करण कर 12.6 टन कंप्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन करेगा।
शहरी परिवहन और विकास को मिलेगी गति
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से कर्नाटक में शहरी परिवहन, रेलवे, ऊर्जा, पेट्रोलियम और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी। मेट्रो और वंदे भारत जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार से आम यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक एवं गुजरात के दौरे पर हैं। बेंगलुरु के कार्यक्रमों के बाद उन्होंने मैसूर में COSMOS तारामंडल का उद्घाटन करने का कार्यक्रम भी रखा है। यह भारत का पहला LED डोम तारामंडल है।