रायपुर में हड़ताली पटवारियों पर प्रशासन की सख्ती, 7 निलंबित और 229 को नोटिस जारी

रायपुर । छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच रायपुर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। काम पर वापस नहीं लौटने वाले जिले के सात पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, 229 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, पटवारियों की हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।

इन तहसीलों में हुई निलंबन की कार्रवाई

प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, रायपुर तहसील में एक, तिल्दा में एक, आरंग में दो और अभनपुर अनुविभाग में तीन पटवारियों को निलंबित किया गया है। अभनपुर अनुविभाग में निलंबित तीन पटवारियों में गोबरा नवापारा का एक और अभनपुर तहसील के दो पटवारी शामिल हैं।

229 पटवारियों को नोटिस, तत्काल काम पर लौटने के निर्देश

जिले के विभिन्न तहसीलों में कुल 229 पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें रायपुर तहसील के 51, धरसींवा के 30, तिल्दा के 48, आरंग के 57 तथा अभनपुर अनुविभाग के 43 पटवारी शामिल हैं।

प्रशासन ने सभी संबंधित पटवारियों को तत्काल कार्य पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि राजस्व कार्यों में बाधा और आम जनता को हो रही असुविधा को देखते हुए प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।

राजस्व कार्य प्रभावित, आम जनता की बढ़ी परेशानी

पटवारियों की हड़ताल से नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, भूमि अभिलेखों से जुड़े कार्यों और विभिन्न प्रमाण पत्रों के सत्यापन जैसी राजस्व सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसका सीधा असर किसानों और आम नागरिकों पर पड़ रहा है।

इधर, प्रदेश स्तर पर भी हड़ताल को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। ऐसे में रायपुर जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पटवारियों के आंदोलन और तेज होने की संभावना के बीच अब सभी की नजरें सरकार और पटवारी संघ के बीच होने वाली आगे की बातचीत पर टिकी हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *