किरंदुल में ड्राइवरों का अनिश्चितकालीन ‘स्टीयरिंग छोड़ो’ आंदोलन शुरू, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

किरंदुल। अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर किरंदुल में ड्राइवरों ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन ‘स्टीयरिंग छोड़ो’ आंदोलन शुरू कर दिया है। ऑल इंडिया ड्राइवर जॉइंट कमेटी और बैलाडीला ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन किरंदुल के आह्वान पर रिंग रोड नंबर-4 स्थित पेट्रोल पंप के सामने ड्राइवर धरने पर बैठ गए हैं।

आंदोलन को लेकर एसोसिएशन की ओर से जारी पर्चे में नारा दिया गया है— ‘बहुत सह लिया, अब नहीं सहेंगे। अपने हक और अधिकार के लिए अब स्टीयरिंग छोड़ने का समय आ गया है।’

धरने पर बैठे ड्राइवरों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल एक दिन का नहीं है। जब तक उनकी पांच सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे गाड़ियां सड़क पर नहीं उतारेंगे। ड्राइवरों का कहना है कि लंबे समय से वे अपनी समस्याओं और अधिकारों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

ये हैं ड्राइवरों की पांच प्रमुख मांगें

  1. ड्राइवर आयोग का गठन किया जाए।
  2. ड्राइवर कल्याण बोर्ड का गठन किया जाए।
  3. प्रत्येक ड्राइवर को 20 लाख रुपये का बीमा दिया जाए।
  4. 60 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद ड्राइवरों को पेंशन की सुविधा मिले।
  5. प्रत्येक वर्ष 1 सितंबर को राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस के अवसर पर सरकारी अवकाश घोषित किया जाए।

वाहन मालिकों और चालकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील

वहीं, ड्राइवर कल्याण संघ जिला दंतेवाड़ा ने सभी वाहन मालिकों एवं ड्राइवर साथियों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है। संघ ने कहा है कि 12 नवंबर से अपने वाहनों को खड़ा कर इस आंदोलन में सहभागिता निभाएं।

ड्राइवरों का कहना है कि उनकी मांगें केवल व्यक्तिगत हितों से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि देशभर के वाहन चालकों के सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा अधिकारों से संबंधित हैं। अब देखना होगा कि ड्राइवरों की पांच सूत्रीय मांगों पर शासन-प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं और आंदोलन का आगे क्या रुख रहता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *