अंबिकापुर। छठ महापर्व को लेकर तैयारियों में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री अग्रवाल ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
शंकर घाट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट परिसर में स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। वहीं, महामाया घाट पहुंचकर पूजा की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करता है। व्रती कठिन नियमों और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को सभी छठ घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां प्राथमिकता से पूरी करने को कहा, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।
मंत्री श्री अग्रवाल ने छठ महापर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।