रायपुर। बिजली उत्पादन के साथ-साथ एनटीपीसी छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हॉकी, फुटबॉल, गोल्फ, तीरंदाजी और ग्रामीण खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए एनटीपीसी विभिन्न योजनाओं और सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत लगातार सहयोग कर रहा है।
छत्तीसगढ़ में एनटीपीसी की कोरबा, सीपत और लारा परियोजनाओं के माध्यम से कुल 7,180 मेगावाट की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता है। वहीं, 4,000 मेगावाट अतिरिक्त क्षमता का निर्माण कार्य जारी है। बिजली उत्पादन के अलावा कंपनी राष्ट्रीय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है।
हॉकी लीग को दिया प्रोत्साहन
एनटीपीसी ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2026 के उद्घाटन संस्करण में टाइटल स्पॉन्सर की भूमिका निभाई। एक नवंबर को रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
85.45 करोड़ से बनेंगी तीरंदाजी अकादमियां
एनटीपीसी ने सीएसआर के तहत नया रायपुर में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी अकादमी और जशपुर में जमीनी स्तर की तीरंदाजी अकादमी स्थापित करने के लिए 85.45 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है। दोनों अकादमियों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इनके शुरू होने से प्रदेश में तीरंदाजी को बढ़ावा मिलने के साथ खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी।
फुटबॉल और गोल्फ को भी सहयोग
एनटीपीसी वर्ष 2016 से छत्तीसगढ़ राज्य फुटबॉल चैंपियनशिप के आयोजन के लिए वित्तीय सहायता दे रहा है। कोरबा, सीपत और लारा में सब-जूनियर, जूनियर, अंडर-20 और सीनियर वर्ग की बालक-बालिका एवं महिला-पुरुष प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। एनटीपीसी के सहयोग से किरण पिस्दा जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
इसके अलावा, कंपनी ने छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप-2026 को भी प्रायोजित किया।
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
एनटीपीसी की परियोजनाएं स्थापना के बाद से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रही हैं। एनटीपीसी कोरबा के सहयोग से बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षि कश्यप और हर्षित ठाकुर तथा निशानेबाज श्रुति यादव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। इन खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है।
एनटीपीसी का यह प्रयास प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने, ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।