रायगढ़। साधुराम विद्या मंदिर, बायपास रोड रायगढ़ में 3 और 4 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का सफल आयोजन किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों के विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक परियोजनाओं का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग के दो और वरिष्ठ वर्ग के तीन समूहों का चयन राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के लिए किया जाएगा, जो रविशंकर विश्वविद्यालय रायपुर में आयोजित होगी।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तहत 10 से 14 वर्ष और 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने दो-दो के समूह में परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों का पंजीयन विद्यालयों के माध्यम से मार्गदर्शक शिक्षकों के निर्देशन में ऑनलाइन पोर्टल पर किया गया था। इस आयोजन में रायगढ़ जिला पूरे छत्तीसगढ़ में पंजीयन के मामले में प्रथम स्थान पर रहा।
कार्यक्रम के प्रथम दिन रायगढ़, घरघोड़ा और लैलूंगा विकासखंड के विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि दूसरे दिन खरसिया, पुसौर, तमनार और धरमजयगढ़ विकासखंड के विद्यार्थियों ने परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। प्रथम दिवस 98 समूहों और दूसरे दिन 100 समूहों ने अपनी वैज्ञानिक परियोजनाएं प्रस्तुत कीं।
पहले दिन कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा श्री अभय पांडे, श्रीमती किरण मिश्रा, साधुराम विद्या मंदिर के प्राचार्य तथा मुख्य अतिथि पूर्व व्याख्याता श्री डोलेश्वर प्रसाद पटेल ने मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना कर किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए वैज्ञानिक सोच और नवाचार को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
दूसरे दिन विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री केके पटेल, जिला नोडल विज्ञान मंथन तथा पूर्व व्याख्याता श्री डोलेश्वर प्रसाद पटेल सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की परियोजनाओं का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही निर्णायक मंडल और आयोजन समिति के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायगढ़ के श्री दिनेश कुमार पटेल, श्री केके पटेल, श्री डोलेश्वर प्रसाद पटेल एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे। श्रीमती अनुपमा तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रायोजन तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर के सहयोग से किया गया। जिला स्तरीय आयोजन समिति ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन किया।
जिला समन्वयक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस रायगढ़ श्री कमलेश कुमार पटेल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देना तथा समस्याओं के समाधान के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के प्रति प्रेरित करना है। पूरे आयोजन का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती अनुपमा तिवारी ने किया। कार्यक्रम का समन्वय जिला शैक्षिक समूह के श्री बीएल गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया