वॉशिंगटन । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यदि अमेरिकी संसद पर डेमोक्रेटिक पार्टी का नियंत्रण हो जाता है, तो वह अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति की वीटो पावर और कार्यकारी शक्तियों का इस्तेमाल करेंगे।
मंगलवार को मध्यावधि चुनावों में मतदान समाप्त होने से पहले सीबीएस न्यूज़ को दिए गए एक फोन साक्षात्कार में ट्रंप ने अपनी शक्तियों का जिक्र करते हुए कहा, “मेरे पास सबसे बड़ी पावर है, इसे वीटो कहते हैं।”
ट्रंप ने यह भी कहा कि यदि डेमोक्रेटिक पार्टी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) या सीनेट में बहुमत हासिल कर लेती है, तो वह ‘मिस्टर वीटो’ उपनाम को भी स्वीकार करेंगे।
राष्ट्रपति के इस बयान को मध्यावधि चुनावों के संभावित राजनीतिक समीकरणों और भविष्य में व्हाइट हाउस तथा संसद के बीच संबंधों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
अमेरिका में राष्ट्रपति को कांग्रेस द्वारा पारित विधेयकों पर वीटो लगाने का अधिकार प्राप्त है। हालांकि, कांग्रेस दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत से राष्ट्रपति के वीटो को पलट सकती है।